Hot Posts

8/recent/ticker-posts

Fit Gurugram Launch: Fortis ने छेड़ी फिटनेस की बड़ी मुहिम, 4 अक्टूबर को मिलिंद सोमन संग Marathon से बनेगा ‘फिट गुरुग्राम’

By चंदन शर्मा गुरुग्राम : दिनांक 21 अगस्त 2026, गुरुग्राम की तेज रफ्तार जिंदगी के बीच अब फिटनेस और प्रीवेंटिव हेल्थ को नई दिशा देने की तैयारी है। फोर्टिस हॉस्पीटल गुरुग्राम ने ‘फिट गुरुग्राम’ नाम से एक अनूठे हेल्थ एवं वैलनेस मूवमेंट की शुरुआत की है। इसका मकसद सिर्फ लोगों को फिटनेस के लिए प्रेरित करना नहीं, बल्कि पूरे शहर में Active Living, Wellness और Preventive Healthcare को रोजमर्रा की जिंदगी का हिस्सा बनाना है। लॉन्च के मौके पर ‘फिट गुरुग्राम’ कैंपेन का लोगो और आधिकारिक जर्सी लॉन्च की गई, वहीं कैंपेन के टीजर का भी प्रीमियर किया गया।

Fortis Gurugram के ‘फिट गुरुग्राम’ अभियान का लॉन्च, मिलिंद सोमन के साथ फिटनेस, मैराथन और प्रीवेंटिव हेल्थ मूवमेंट।

एक दिन का इवेंट नहीं, पूरे शहर के लिए सालभर चलेगा फिटनेस मूवमेंट

फिट गुरुग्राम को किसी एक दिन या एक बार होने वाले फिटनेस इवेंट तक सीमित नहीं रखा गया है। इसे एक निरंतर कम्युनिटी प्लेटफॉर्म के तौर पर विकसित किया गया है, जो अलग-अलग गतिविधियों के जरिए गुरुग्रामवासियों को फिटनेस से जोड़ेगा। अभियान के तहत स्पोर्ट्स और फिटनेस इंफ्लुएंसर्स के साथ कम्युनिटी योगा सेशन, हाइरॉक्स-प्रेरित फिटनेस चैलेंज, साइकिल रैलियां, कॉर्पोरेट वेलनेस प्रोग्राम, मेंटल हेल्थ सेशन, स्वच्छता अभियान और प्रीवेंटिव हेल्थ स्क्रीनिंग्स आयोजित की जाएंगी।

कॉर्पोरेट लाइफ की भागदौड़ के बीच हेल्थ पर फोकस

गुरुग्राम देश के प्रमुख कॉर्पोरेट हब में शामिल है, लेकिन लंबे कामकाजी घंटे, लगातार बैठे रहने वाली जीवनशैली, ट्रैफिक और उससे जुड़ा तनाव लोगों की सेहत पर असर डाल रहा है। ऐसे माहौल में व्यक्तिगत स्वास्थ्य अक्सर प्राथमिकताओं की सूची में पीछे छूट जाता है। ‘फिट गुरुग्राम’ इसी चुनौती को ध्यान में रखते हुए शहरवासियों को शारीरिक रूप से सक्रिय रहने, मानसिक स्वास्थ्य का ध्यान रखने और प्रीवेंटिव हेल्थकेयर को जीवनशैली का हिस्सा बनाने के लिए प्रेरित करेगा।

4 अक्टूबर को साइबर हब में दिखेगा फिट गुरुग्राम का बड़ा अवतार

इस पूरे मूवमेंट का सबसे बड़ा आकर्षण ‘फिट गुरुग्राम मैराथन’ होगा। अभियान के ब्रांड एंबैसडर और फिटनेस आइकन मिलिंद सोमन 4 अक्टूबर 2026 को साइबर हब, गुरुग्राम में होने वाले इस फ्लैगशिप इवेंट में मौजूद रहेंगे। मैराथन के लिए रजिस्ट्रेशन 22 अगस्त 2026 से शुरू होगा। इच्छुक प्रतिभागी फिट गुरुग्राम की आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से पंजीकरण कर सकते हैं।

मिलिंद सोमन का संदेश—फिटनेस की शुरुआत रोज खुद को प्राथमिकता देने से

फिट गुरुग्राम के ब्रांड एंबैसडर मिलिंद सोमन ने अपने रिकॉर्डेड वीडियो संदेश के जरिए अभियान की आधिकारिक शुरुआत की और कैंपेन जर्सी भी जारी की। उन्होंने कहा कि फिटनेस को उम्र, व्यवसाय या एथलेटिक क्षमता से नहीं जोड़ा जा सकता। इसकी शुरुआत खुद को शारीरिक रूप से सक्रिय रखने और हर दिन अपनी सेहत को प्राथमिकता देने से होती है।

उन्होंने कहा कि ‘फिट गुरुग्राम’ में पूरे शहर को फिटनेस के एक सरल लेकिन प्रभावशाली विचार से जोड़ने की बड़ी क्षमता है। उन्होंने इस मूवमेंट से जुड़कर खुशी जाहिर की और उम्मीद जताई कि यह अधिक से अधिक गुरुग्रामवासियों को अपनी सेहत के लिए पहला कदम उठाने, निरंतर प्रयास करने और ज्यादा स्वस्थ एवं सक्रिय जीवनशैली का आनंद लेने के लिए प्रेरित करेगा।

फोर्टिस CEO बोले—इलाज से आगे बढ़कर बीमारी की रोकथाम पर जोर जरूरी

फोर्टिस हेल्थकेयर के मैनेजिंग डायरेक्टर एवं CEO डॉ. आशुतोष रघुवंशी ने कहा कि भारत का हेल्थकेयर परिदृश्य तेजी से बदल रहा है और गैर-संक्रामक तथा लाइफस्टाइल से जुड़ी बीमारियों के बढ़ते मामलों के बीच बीमारी की रोकथाम अब बड़ी प्राथमिकता बन चुकी है।

उन्होंने कहा कि जिम्मेदार हेल्थकेयर प्रोवाइडर की भूमिका केवल बीमारी का इलाज करने तक सीमित नहीं रहनी चाहिए। लोगों को अधिक स्वस्थ बनाने और अस्पताल में भर्ती होने की जरूरत को कम करने की दिशा में भी काम होना चाहिए। फिट गुरुग्राम के जरिए फोर्टिस हेल्थकेयर को उपचार-केंद्रित मॉडल से आगे बढ़ाकर शारीरिक गतिविधि, हेल्थ अवेयरनेस और स्वस्थ जीवनशैली से जोड़ना चाहता है।

उन्होंने उम्मीद जताई कि यह कम्युनिटी-केंद्रित आंदोलन आने वाले समय में गुरुग्राम को अधिक स्वस्थ और मजबूत बनाएगा तथा शहर को देश में प्रीवेंटिव हेल्थकेयर के एक मॉडल के रूप में स्थापित करने में मदद करेगा।

अनिल विनायक बोले—वेलनेस को कभी-कभार की प्राथमिकता नहीं, लगातार चलने वाली आदत बनाना लक्ष्य

फोर्टिस हेल्थकेयर के ग्रुप चीफ ऑपरेटिंग ऑफिसर अनिल विनायक ने कहा कि फिट गुरुग्राम पहल का फोकस लोगों को शारीरिक गतिविधियों, सही जानकारी के आधार पर स्वास्थ्य संबंधी फैसले लेने, शुरुआती स्तर पर जागरूकता और रोजाना स्वस्थ आदतों के लिए प्रेरित करना है।

उन्होंने कहा कि लोगों को फिटनेस और प्रीवेंटिव हेल्थ से जुड़ने के सार्थक अवसर उपलब्ध कराकर फोर्टिस वेलनेस को कभी-कभार की प्राथमिकता नहीं, बल्कि निरंतर चलने वाली प्रक्रिया बनाना चाहता है। उनके मुताबिक इस पहल का उद्देश्य पूरे समुदाय को एक साझा लक्ष्य से जोड़ना है—गुरुग्राम को ज्यादा स्वस्थ, फिट और स्वास्थ्य के प्रति जागरूक शहर बनाना।

यश रावत बोले—हेल्थकेयर को अस्पताल की दीवारों से बाहर ले जाना है मकसद

फोर्टिस हॉस्पीटल गुरुग्राम के सीनियर वाइस प्रेसीडेंट एवं SBU हेड यश रावत ने कहा कि फिट गुरुग्राम असल में हेल्थकेयर को अस्पतालों की दीवारों से बाहर निकालकर फिटनेस और प्रीवेंटिव हेल्थ को शहर की रोजमर्रा की जिंदगी का हिस्सा बनाने की प्रतिबद्धता है।

उन्होंने स्पष्ट किया कि यह कोई वन-टाइम कैंपेन नहीं है, बल्कि पूरे साल चलने वाला आंदोलन है, जो परिवारों, स्कूलों, कॉर्पोरेट्स और फिटनेस कम्युनिटी को सक्रिय जीवनशैली के लिए प्रेरित करेगा। उन्होंने कहा कि शारीरिक गतिविधि और स्वास्थ्य जागरूकता को आसान, समावेशी और सहभागिता आधारित बनाकर फोर्टिस का लक्ष्य गुरुग्राम को एक साझा उद्देश्य के लिए एकजुट करना है, ताकि यह भारत के सबसे स्वस्थ और एक्टिव शहरों में शामिल हो सके।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ