Hot Posts

8/recent/ticker-posts

Uttarakhand Nihang Singh Case Update: चारों निहंग सिंह Bail पर रिहा, Kalka-Kahalon बोले—Justice के लिए लड़ाई जारी रहेगी

By प्रदीप कुमार नई दिल्ली: दिल्ली सिख गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के अध्यक्ष सरदार हरमीत सिंह कालका और महासचिव सरदार जगदीप सिंह काहलों के प्रयासों से उत्तराखंड के चमोली जिले के कर्णप्रयाग में गिरफ्तार चारों निहंग सिंहों को जमानत मिल गई है। दिल्ली सिख गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के महासचिव सरदार जगदीप सिंह काहलों जमानत मिलने के बाद चारों निहंग सिंहों को साथ लेकर दसवें पातशाह साहिब-ए-कमाल श्री गुरु गोबिंद सिंह जी के ऐतिहासिक स्थल गुरुद्वारा पांवटा साहिब में माथा टेकने पहुंचे।

उत्तराखंड के चमोली मामले में जमानत मिलने के बाद गुरुद्वारा पांवटा साहिब में माथा टेकते चारों निहंग सिंह और DSGMC महासचिव जगदीप सिंह काहलों।

इस अवसर पर उनके साथ जमानत पर रिहा भाई अजयपाल सिंह, भाई जशनप्रीत सिंह और भाई सतविंदर सिंह उपस्थित थे, जबकि भाई मनप्रीत सिंह एम्स ऋषिकेश में उपचाराधीन हैं और स्वस्थ होने के बाद उन्हें सीधे उनके निवास स्थान भेजा जाएगा। उन्होंने बताया कि चारों निहंग सिंहों की जमानत कराने में सरदार सुरिंदर सिंह खालसा (देहरादून), उनके दल पंथ, सूबे सिंह ढिल्लों, बाबा पंडित जी (हरिद्वार), सरदार बलविंदर सिंह, सरदार सिद्धू जी, सरदार मनोरंजन सिंह तथा अन्य सिंहों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उन्होंने देहरादून और हरिद्वार की संगत को भी विशेष धन्यवाद किया, जिन्होंने इस पूरे मामले में अमूल्य सहयोग दिया।

मीडिया से बातचीत में सरदार हरमीत सिंह कालका और सरदार जगदीप सिंह काहलों ने बताया कि 16 जून को यह दुर्भाग्यपूर्ण घटना सामने आने के तुरंत बाद ही दिल्ली सिख गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी ने सिख समुदाय के हितों की रक्षा के लिए प्रयास शुरू कर दिए थे। कमेटी का प्रतिनिधिमंडल सरदार हरमीत सिंह कालका के नेतृत्व में उत्तराखंड के मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी तथा पुलिस महानिदेशक श्री दीपम सेठ से मिला और चारों निहंग सिंहों की शीघ्र रिहाई की मांग की।

उन्होंने कहा कि इस प्रकार के मामलों का समाधान सामूहिक प्रयासों से ही संभव है और पूरी कौम को एकजुट होकर ऐसे मामलों का सामना करना चाहिए। उन्होंने कहा कि सिख समाज लगातार एकजुट होकर अपनी जिम्मेदारी निभा रहा है। उन्होंने बताया कि गुरुद्वारा पांवटा साहिब में माथा टेकने के बाद गुरु की लाडली फौज के ये बहादुर सिंह गुरुद्वारा नाडा साहिब के दर्शन के लिए रवाना हो गए।

उन्होंने कहा कि दिल्ली सिख गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी ने पहले दिन से ही इस मामले की पूरी कानूनी पैरवी की है और जब तक इस प्रकरण का पूर्ण समाधान नहीं हो जाता, तब तक कमेटी मजबूती से इसकी पैरवी करती रहेगी। साथ ही यह सुनिश्चित किया जाएगा कि सिख समाज के किसी भी सदस्य के साथ किसी प्रकार का अन्याय, अत्याचार या भेदभाव न हो तथा उन्हें पूरा न्याय मिले। उन्होंने इस पूरे मामले के समाधान में सहयोग देने के लिए उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, पुलिस महानिदेशक दीपम सेठ, एसएस नवनीत सिंह भुल्लर तथा अन्य सभी अधिकारियों को भी धन्यवाद दिया।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ