By विनय मिश्रा नई दिल्ली : देश-विदेश में विख्यात लव कुश रामलीला में प्रभु श्रीराम के वनवास से जुड़े मार्मिक प्रसंगों का भव्य मंचन किया गया। इस दौरान प्रसिद्ध गायक, अभिनेता एवं सांसद मनोज तिवारी ने केवट की भूमिका निभाकर दर्शकों को भावविभोर कर दिया। प्रभु श्रीराम, माता सीता और लक्ष्मण को गंगा पार कराने के प्रसंग में उनकी मधुर आवाज और गीतों ने पूरे वातावरण को भक्तिमय बना दिया। श्रद्धा, भक्ति और भावनाओं से ओतप्रोत इस प्रस्तुति ने रामभक्तों के बीच विशेष आकर्षण पैदा किया।
लव कुश रामलीला कमेटी के अध्यक्ष अर्जुन कुमार ने बताया कि रामलीला में केवट प्रसंग के साथ सुमंत की वापसी, राजा दशरथ के देहावसान, भरत-कैकेयी संवाद और चित्रकूट में भरत मिलाप जैसे महत्वपूर्ण प्रसंगों का मंचन किया गया। इन दृश्यों के माध्यम से प्रभु श्रीराम के प्रति अटूट प्रेम, भाईचारे, त्याग, समर्पण और पारिवारिक मर्यादाओं को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया गया। विशेष रूप से भरत मिलाप के प्रसंग ने दर्शकों को भावुक कर दिया और भगवान श्रीराम के आदर्शों की महत्ता को रेखांकित किया।
लाल किला मैदान में आयोजित इस भव्य रामलीला में भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उनके साथ केंद्रीय राज्य मंत्री हर्ष मल्होत्रा, दिल्ली प्रदेश भाजपा अध्यक्ष, सांसद प्रवीण खंडेलवाल, सांसद रामवीर सिंह बिधूड़ी, सांसद एवं प्रसिद्ध कलाकार मनोज तिवारी तथा सांसद योगेंद्र चंदोलिया ने भी रामलीला का अवलोकन किया। प्रमुख राजनीतिक हस्तियों और जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति ने आयोजन की गरिमा को और बढ़ाया।
इस अवसर पर भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने कहा कि रामलीलाएं भारतीय संस्कृति, आस्था और परंपराओं की सशक्त प्रतीक हैं। प्रभु श्रीराम का जीवन हमें आदर्श, मर्यादा, त्याग और कर्तव्यनिष्ठा की प्रेरणा देता है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति को भगवान श्रीराम के आदर्शों से प्रेरणा लेकर उनके दिखाए मार्ग पर चलने का प्रयास करना चाहिए। रामलीला के माध्यम से नई पीढ़ी को भारतीय संस्कृति और जीवन मूल्यों से जोड़ने का महत्वपूर्ण कार्य किया जा रहा है।
कमेटी के महामंत्री सुभाष गोयल ने बताया कि कार्यक्रम के दौरान भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन सहित उपस्थित गणमान्य अतिथियों एवं सांसदों को स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर कमेटी के पदाधिकारियों ने अतिथियों का स्वागत किया और रामलीला के सफल आयोजन में सहयोग देने वाले सभी सदस्यों के योगदान को महत्वपूर्ण बताया। कार्यक्रम में पवन गुप्ता, सत्यभूषण जैन, अखिल सिंघल, बृजमोहन गोयल सहित कमेटी के अन्य पदाधिकारी एवं गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
लाल किला मैदान में आयोजित लव कुश रामलीला धार्मिक आस्था, भारतीय संस्कृति और भव्य रंगमंच का संगम बनी हुई है। प्रभु श्रीराम के जीवन से जुड़े प्रसंगों के माध्यम से दर्शकों को सत्य, धर्म, त्याग, प्रेम और कर्तव्य के मार्ग पर चलने का संदेश दिया जा रहा है। मनोज तिवारी द्वारा निभाई गई केवट की भूमिका और प्रमुख नेताओं की उपस्थिति ने इस आयोजन को विशेष आकर्षण प्रदान किया।


0 टिप्पणियाँ