By विनय मिश्रा नई दिल्ली: दिनांक 20 जून 2026, अंतरराष्ट्रीय योग दिवस 2026 के अवसर पर कृषि एवं किसान कल्याण मंत्रालय के सहयोग से आयोजित विशेष कार्यक्रम ‘स्वस्थ माटी, स्वस्थ मन–योग’ किसानों और ग्रामीण समुदाय के लिए स्वास्थ्य, संतुलन और सकारात्मक जीवनशैली का संदेश लेकर आया। इस कार्यक्रम में भारत सरकार के कृषि एवं किसान कल्याण राज्य मंत्री भागीरथ चौधरी ने सहभागिता करते हुए किसानों के साथ योगाभ्यास किया और योग के महत्व पर अपने विचार साझा किए।
कार्यक्रम के दौरान राज्य मंत्री ने कहा कि योग भारत की प्राचीन विरासत है, जो केवल शारीरिक स्वास्थ्य तक सीमित नहीं है, बल्कि मानसिक शांति, आत्मविश्वास और सकारात्मक सोच को भी मजबूत बनाता है। उन्होंने किसानों से आह्वान किया कि वे अपने दैनिक जीवन में योग को शामिल करें, ताकि बेहतर स्वास्थ्य के साथ अधिक ऊर्जा और कार्यक्षमता प्राप्त कर सकें।
विशेष कार्यक्रम में योग और कृषि के बीच संबंध को भी रेखांकित किया गया। वक्ताओं ने बताया कि जिस प्रकार स्वस्थ मिट्टी बेहतर फसल उत्पादन की आधारशिला होती है, उसी प्रकार स्वस्थ मन और स्वस्थ शरीर एक सफल एवं खुशहाल जीवन की नींव हैं। इसी सोच को आगे बढ़ाते हुए कार्यक्रम का नाम ‘स्वस्थ माटी, स्वस्थ मन–योग’ रखा गया।
कार्यक्रम में योग विशेषज्ञों द्वारा विभिन्न योगासन, प्राणायाम और ध्यान की विधियों का प्रदर्शन किया गया। साथ ही किसानों को तनावमुक्त जीवन, बेहतर मानसिक स्वास्थ्य और शारीरिक फिटनेस के लिए योग अपनाने के लाभों के बारे में जानकारी दी गई।
अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर प्रसारित होने वाला यह कार्यक्रम किसानों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करने और योग को जन-जन तक पहुंचाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण प्रयास माना जा रहा है। कार्यक्रम के माध्यम से यह संदेश दिया गया कि स्वस्थ किसान ही समृद्ध कृषि और विकसित भारत की आधारशिला हैं।
कार्यक्रम विवरण:
📺 चैनल: दूरदर्शन किसान
📅 दिनांक: 21 जून 2026 (रविवार)
⏰ समय: प्रातः 9:00 बजे
🔄 पुनः प्रसारण: दोपहर 03:00 बजे
🎥 विशेष कार्यक्रम: स्वस्थ माटी, स्वस्थ मन – योग
योग दिवस पर प्रसारित होने वाला यह विशेष कार्यक्रम किसानों, युवाओं और ग्रामीण दर्शकों के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगा तथा स्वस्थ भारत के संकल्प को मजबूत करेगा।

0 टिप्पणियाँ