By विनय मिश्रा नई दिल्ली: दिनांक 20 जून 2026, अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस 2026 के अवसर पर डीडी किसान चैनल देशभर के दर्शकों के लिए एक विशेष कार्यक्रम ‘Yoga For Nation’ लेकर आ रहा है। यह कार्यक्रम 21 जून (रविवार) को सुबह 8 बजे प्रसारित किया जाएगा, जिसमें योग के महत्व, स्वास्थ्य लाभ और भारतीय संस्कृति में इसकी भूमिका को प्रमुखता से प्रस्तुत किया जाएगा।
इस विशेष कार्यक्रम की सबसे बड़ी खासियत सीमा सुरक्षा बल (BSF) के जवानों की सहभागिता है। देश की सीमाओं की रक्षा करने वाले जवान योग के माध्यम से शारीरिक और मानसिक संतुलन का संदेश देते नजर आएंगे। उनके साथ सूर्य नमस्कार के विश्व चैंपियन संदीप आर्या और प्रसिद्ध योग गुरु आचार्य प्रतिष्ठा भी जुड़ेंगे, जो दर्शकों को योग की विभिन्न विधियों और उनके लाभों से परिचित कराएंगे।
योग आज केवल भारत ही नहीं, बल्कि पूरी दुनिया में स्वस्थ जीवनशैली का प्रतीक बन चुका है। नियमित योगाभ्यास शरीर को मजबूत बनाने के साथ-साथ मानसिक तनाव को कम करने और सकारात्मक ऊर्जा बढ़ाने में भी मदद करता है। इसी संदेश को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से डीडी किसान यह विशेष कार्यक्रम प्रसारित कर रहा है।
डीडी किसान चैनल के हेड ऑफ प्रोग्राम (ADP) विनोद कुमार ने कहा कि योग स्वस्थ, जागरूक और सशक्त समाज के निर्माण की मजबूत नींव है। उन्होंने बताया कि चैनल लगातार ऐसे कार्यक्रमों का प्रसारण करता है जो जनहित, स्वास्थ्य जागरूकता और सामाजिक सकारात्मकता को बढ़ावा देते हैं।
देश के किसानों, ग्रामीण दर्शकों और युवाओं के लिए यह कार्यक्रम प्रेरणादायक साबित हो सकता है। ‘Yoga For Nation’ के माध्यम से योग को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने और स्वस्थ भारत के निर्माण का संदेश दिया जाएगा।
कार्यक्रम विवरण:
चैनल: डीडी किसान
दिनांक: 21 जून 2026 (रविवार)
समय: सुबह 8:00 बजे
विशेष कार्यक्रम: Yoga For Nation
अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर प्रसारित होने वाला यह कार्यक्रम न केवल योग के प्रति जागरूकता बढ़ाएगा, बल्कि देशवासियों को स्वस्थ और संतुलित जीवनशैली अपनाने के लिए भी प्रेरित करेगा।

0 टिप्पणियाँ