Hot Posts

8/recent/ticker-posts

Hemkund Sahib Yatra 2026: निहंग सिंह विवाद पर CM धामी से मिली DSGMC, कालका बोले- शांतिपूर्ण ढंग से जारी रहेगी श्री हेमकुंट साहिब यात्रा

By प्रदीप कुमार नई दिल्ली: दिनांक 23 जून 2026,  दिल्ली सिख गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के अध्यक्ष सरदार हरमीत सिंह कालका और महासचिव सरदार जगदीप सिंह काहलों की अगुवाई में उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल ने उत्तराखंड के कर्णप्रयाग में निहंग सिंहों और स्थानीय लोगों के बीच हुए टकराव के मामले में राज्य के मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी से मुलाकात की।

CM पुष्कर सिंह धामी से मुलाकात करते DSGMC अध्यक्ष हरमीत सिंह कालका, महासचिव जगदीप सिंह काहलों और प्रतिनिधिमंडल के सदस्य।

बैठक के बाद सरदार हरमीत सिंह कालका और सरदार जगदीप सिंह काहलों ने बताया कि मुख्यमंत्री धामी के साथ सौहार्दपूर्ण और सकारात्मक माहौल में चर्चा हुई। प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री से मांग की कि निहंग सिंहों की गिरफ्तारी के बाद उनकी पिटाई करने तथा उन्हें नंगे सिर अदालत में पेश करने वाले पुलिसकर्मियों को तत्काल निलंबित किया जाए।

उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री ने आश्वासन दिया है कि वह इस मामले में तुरंत डीजीपी से बातचीत करेंगे और जांच पूरी होने तक संबंधित पुलिसकर्मियों को निलंबित किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ने जानकारी दी है कि इस पूरे मामले में पुलिस अधिकारियों की भूमिका की जांच डीआईजी यशवंत चौहान को सौंपी गई है, जो दो सप्ताह के भीतर अपनी रिपोर्ट प्रस्तुत करेंगे। रिपोर्ट आने के बाद दोषी अधिकारियों के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

कालका और काहलों ने बताया कि इससे पहले डीजीपी ने इस मामले की जांच चमोली जिला पुलिस से लेकर एसएसपी हरिद्वार नवनीत सिंह भुल्लर को सौंप दी है, जो मामले की विस्तृत जांच कर अपनी रिपोर्ट प्रस्तुत करेंगे।

उन्होंने संगत को संदेश देते हुए कहा कि उत्तराखंड स्थित सभी गुरुधामों—चाहे श्री हेमकुंट साहिब हो, रीठा साहिब हो अथवा अन्य कोई गुरुधाम—के दर्शन के लिए आने वाली संगत को किसी भी प्रकार की परेशानी नहीं होने दी जाएगी।

उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया है कि इस मामले में उन्होंने केवल दिल्ली गुरुद्वारा कमेटी के प्रतिनिधिमंडल से मुलाकात की है और उनकी प्राथमिकता राज्य में शांति एवं सौहार्द बनाए रखना है।

उन्होंने यह भी बताया कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी तथा डीजीपी श्री दीपम सेठ स्वयं इस पूरे मामले की व्यक्तिगत रूप से निगरानी कर रहे हैं। कालका और काहलों ने दोहराया कि दिल्ली गुरुद्वारा कमेटी सिख मामलों की पैरवी और उनके हितों की रक्षा के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध और दृढ़ संकल्पित है।

इस अवसर पर प्रतिनिधिमंडल में भूपिंदर सिंह भुल्लर, सुखविंदर सिंह बब्बर तथा इंद्रजीत सिंह मोंटी सहित अन्य सदस्य भी उपस्थित थे।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ