By विनय मिश्रा नई दिल्ली : देश में जल सुरक्षा, संरक्षण और सतत जल प्रबंधन को नई दिशा देने के उद्देश्य से ईएडब्ल्यू ग्लोबल एक्वा एक्सपो 2026 का गुरुवार को भारत मंडपम में भव्य शुभारंभ हुआ। अर्थ वाटर फाउंडेशन द्वारा आयोजित यह तीन दिवसीय अंतरराष्ट्रीय आयोजन "नवाचार, सतत विकास और सहयोग के माध्यम से जल के भविष्य को आकार देना" थीम पर आधारित है। इसमें भारत सहित कई देशों के नीति-निर्माता, उद्योग जगत के प्रतिनिधि, तकनीकी विशेषज्ञ, शोधकर्ता, स्टार्टअप्स और जल क्षेत्र से जुड़े विभिन्न हितधारक शामिल हुए।
कार्यक्रम का उद्घाटन केंद्रीय जल शक्ति राज्य मंत्री डॉ. राज भूषण चौधरी ने मुख्य अतिथि के रूप में किया। उद्घाटन की शुरुआत पारंपरिक जल कलश समारोह से हुई, जिसके बाद 'इंडिया वाटर मैंडेट 2030' विषय पर विशेष सत्र आयोजित किया गया। इस दौरान जल प्रबंधन, आधुनिक तकनीकों, नीतिगत सुधारों और भविष्य की जल रणनीति पर विस्तृत विचार-विमर्श किया गया।
उद्घाटन सत्र में अर्थ वाटर फाउंडेशन की संस्थापक शिवानी घोरावत ने सभी अतिथियों का स्वागत किया। इसके बाद एसोचैम की सहायक महासचिव डॉ. अंबिका शर्मा ने नेतृत्व संबोधन दिया। वहीं, एसोचैम नेशनल काउंसिल ऑन वाटर के सह-अध्यक्ष एवं किशोर पंप्स के संयुक्त प्रबंध निदेशक सिद्धार्थ के. देसाई ने कार्यक्रम की विषय-वस्तु प्रस्तुत की, जबकि सह-अध्यक्ष तुर्बाशु भट्टाचार्य ने धन्यवाद ज्ञापित किया।
अपने संबोधन में केंद्रीय राज्य मंत्री डॉ. राज भूषण चौधरी ने कहा कि विकसित भारत 2047 के लक्ष्य को हासिल करने में जल सुरक्षा की भूमिका सबसे अहम होगी। उन्होंने कहा कि सरकार, उद्योग, वैज्ञानिक समुदाय और समाज को मिलकर ऐसी जल प्रबंधन व्यवस्था विकसित करनी होगी, जो भविष्य की चुनौतियों का प्रभावी ढंग से सामना कर सके। उन्होंने नवाचार, प्रभावी नीतियों और सर्कुलर वाटर मैनेजमेंट को देश की दीर्घकालिक जल सुरक्षा की मजबूत नींव बताया।
शिवानी घोरावत ने अपने संबोधन में कहा कि जब इस मंच की शुरुआत हुई थी, तब जल से जुड़े मुद्दों पर अलग-अलग स्तरों पर चर्चा होती थी। आज 21 वर्षों बाद यह मंच नीति-निर्माताओं, उद्योग, तकनीकी विशेषज्ञों और जल क्षेत्र के पेशेवरों को एक साथ लाकर विचारों को व्यावहारिक समाधान में बदलने का माध्यम बन चुका है।
एक्सपो के पहले दिन ASSOCHAM Water Leaders Summit का आयोजन भी किया गया। "Navigating India's Water Transition: Technology, Policy and Circularity" विषय पर आयोजित इस सम्मेलन में औद्योगिक जल सुरक्षा, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस आधारित जल प्रबंधन, सर्कुलर वाटर इकोनॉमी, कौशल विकास और जलवायु अनुकूल जल अवसंरचना जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विशेषज्ञों ने अपने विचार साझा किए।
इसी क्रम में आयोजित CEO Water Leadership Forum में IOTA Group, WOG Group, VA Tech Wabag और Microfilter Polymers Limited के वरिष्ठ अधिकारियों ने भाग लिया। चर्चा के दौरान उद्योगों में जल सुरक्षा को मजबूत बनाने के लिए तकनीक, नवाचार और साझेदारी की भूमिका पर विशेष जोर दिया गया।
EAW Global Aqua Expo 2026 के तहत प्रदर्शनी, सम्मेलन, बिजनेस नेटवर्किंग, मार्केट एक्सेस और नॉलेज शेयरिंग जैसे पांच प्रमुख प्लेटफॉर्म तैयार किए गए हैं। Global Water Business Lounge में यूटिलिटी कंपनियों, ईपीसी कंपनियों, निवेशकों, निर्यातकों और तकनीकी प्रदाताओं के बीच व्यावसायिक संवाद जारी है। वहीं, Innovation Spotlight Arena में नई जल तकनीकों, अत्याधुनिक उत्पादों और स्टार्टअप इनोवेशन का प्रदर्शन किया जा रहा है।
आगामी दो दिनों में आयोजित होने वाले World Sustainable Water Summit में जल अवसंरचना, वर्षा जल संचयन, जल पुनर्चक्रण, वित्तपोषण, दक्षिण एशियाई सहयोग और जल लचीलापन जैसे विषयों पर विशेषज्ञ मंथन करेंगे। इसके अलावा EAW Water Academy के तहत ETP, STP और ZLD Design एवं Troubleshooting पर विशेष तकनीकी मास्टरक्लास भी आयोजित किए जाएंगे।
देश-विदेश के नीति-निर्माताओं, उद्योग प्रतिनिधियों, शोधकर्ताओं, स्टार्टअप्स, एमएसएमई, जल विशेषज्ञों और तकनीकी कंपनियों की भागीदारी वाला यह आयोजन जल क्षेत्र में नवाचार को बढ़ावा देने, नई साझेदारियों को मजबूत करने और भारत के लिए टिकाऊ जल समाधान विकसित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल के रूप में देखा जा रहा है।

0 टिप्पणियाँ