Hot Posts

8/recent/ticker-posts

Pakistan में 125 साल पुराने Sikh Gurudwara Sahib को गिराने की कोशिश, India ने जताई कड़ी चिंता

By प्रदीप कुमार नई दिल्ली: पाकिस्तान के फरूखाबाद स्थित गुरुद्वारा श्री गुरु सिंह सभा की 125 वर्ष पुरानी इमारत को गिराने के प्रयास किया गया। दिल्ली सिख गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी ने इस घटना का गंभीर संज्ञान लेते हुए यह मामला भारत के विदेश मंत्रालय के समक्ष उठाया है। विदेश मंत्रालय ने कमेटी को आश्वासन दिया है कि इस गंभीर मामले को तत्काल पाकिस्तान सरकार के समक्ष उठाया जाएगा। कमेटी के अध्यक्ष सरदार हरमीत सिंह कालका और महासचिव सरदार जगदीप सिंह काहलों ने बताया कि फरूखाबाद स्थित गुरुद्वारा श्री गुरु सिंह सभा की 125 साल पुरानी इमारत को गिराने का प्रयास किया गया। हालांकि स्थानीय लोगों के विरोध के कारण यह प्रयास सफल नहीं हो सका, लेकिन यह अत्यंत गंभीर और चिंताजनक मामला है।

Pakistan के फरूखाबाद स्थित 125 साल पुराने Gurudwara Shri Guru Singh Sabha को गिराने के प्रयास पर दिल्ली सिख गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी ने चिंता जताई।

उन्होंने बताया कि दिल्ली गुरुद्वारा कमेटी के प्रतिनिधिमंडल ने बुधवार को विदेश मंत्रालय में संयुक्त सचिव आनंद प्रकाश से मुलाकात कर उन्हें पूरे मामले से अवगत कराया। प्रतिनिधिमंडल ने यह भी बताया कि पाकिस्तान के पंजाब प्रांत में लगभग हर कुछ दिनों में सिख समुदाय पर हमलों और अत्याचार की घटनाएं सामने आ रही हैं। हाल ही में पाकिस्तान में एक गुरुद्वारे के सेवादार और उनकी पत्नी की हत्या का मामला भी सामने आया था। इसके अलावा गुरुद्वारों पर हमलों की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं, जो बेहद चिंता का विषय हैं।

उन्होंने बताया कि संयुक्त सचिव ने पूरे मामले को गंभीरता से सुना और प्रतिनिधिमंडल को भरोसा दिलाया कि भारत सरकार इस मुद्दे को तत्काल पाकिस्तान सरकार के समक्ष उठाएगी तथा ऐसे हमलों को रोकने के लिए आवश्यक कदम उठाने का दबाव बनाएगी। उन्होंने कहा कि भारत सरकार पाकिस्तान में रहने वाले अल्पसंख्यकों, विशेषकर सिख समुदाय के हितों की रक्षा के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है और इसके लिए जो भी आवश्यक कदम होंगे, उठाए जाएंगे।

Pakistan के फरूखाबाद में 125 साल पुराने Gurudwara Shri Guru Singh Sabha को गिराने के प्रयास के खिलाफ दिल्ली सिख गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी ने विदेश मंत्रालय से कार्रवाई की मांग की।

उन्होंने यह भी कहा कि संयुक्त सचिव ने आश्वस्त किया कि दिल्ली गुरुद्वारा कमेटी सहित सभी सिख संगठनों एवं संस्थाओं की शिकायतों को भारत सरकार गंभीरता से लेती है तथा अल्पसंख्यकों के खिलाफ हो रहे अत्याचारों को रोकने और उन्हें न्याय दिलाने के लिए प्रतिबद्ध है।

इस अवसर पर सरदार जगदीप सिंह काहलों ने पाकिस्तान सरकार से अपील की कि पाकिस्तान में सिख अल्पसंख्यक समुदाय के अधिकारों की रक्षा की जाए तथा उनके धार्मिक स्थलों की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए।

इस अवसर पर सरदार जगदीप सिंह काहलों के साथ कमेटी के धर्म प्रचार चेयरमैन जसप्रीत सिंह करमसर, सदस्य गुरमीत सिंह भाटिया तथा सरदार परमजीत सिंह चंडोक भी उपस्थित रहे।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ