By प्रदीप कुमार नई दिल्ली: पाकिस्तान में करतारपुर साहिब कॉरिडोर के माध्यम से भारतीय श्रद्धालुओं की यात्रा तुरंत फिर शुरू करने की जोरदार मांग की जा रही है। दिल्ली सिख गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखकर करतारपुर साहिब कॉरिडोर के माध्यम से श्रद्धालुओं की यात्रा तुरंत बहाल करने की जोरदार मांग की है।
कमेटी ने प्रधानमंत्री से यह भी आग्रह किया है कि वह पंजाब यात्रा के दौरान करतारपुर साहिब कॉरिडोर को दोबारा खोलने की औपचारिक घोषणा करें।
कमेटी के अध्यक्ष सरदार हरमीत सिंह कालका और महासचिव सरदार जगदीप सिंह काहलों द्वारा संयुक्त रूप से लिखे गए पत्र में उस गहरे आध्यात्मिक और भावनात्मक संबंध का उल्लेख किया गया है, जो दुनिया भर की सिख संगत और गुरु नानक नाम लेवा संगत का पाकिस्तान स्थित ऐतिहासिक गुरुद्वारा दरबार साहिब, श्री करतारपुर साहिब से जुड़ा हुआ है। यही वह पावन स्थान है, जहां जगत गुरु श्री गुरु नानक देव जी ने ज्योति ज्योत समाने से पहले अपने जीवन के अंतिम 18 वर्ष व्यतीत किए थे।
पत्र में कहा गया है कि 'ऑपरेशन सिंदूर' से पहले 7 मई 2025 को करतारपुर कॉरिडोर के माध्यम से होने वाली दैनिक यात्रा को स्थगित कर दिया गया था। नवंबर 2025 से जून 2026 के बीच पाकिस्तान स्थित ऐतिहासिक गुरुद्वारों के दर्शन के लिए चार विशेष जत्थों को अनुमति देने पर केंद्र सरकार, विशेष रूप से गृह मंत्रालय और विदेश मंत्रालय का आभार व्यक्त करते हुए सरदार कालका और सरदार काहलों ने कहा कि अब दैनिक यात्रा को स्थायी रूप से बहाल किया जाना आवश्यक है।
उन्होंने कहा कि हम केंद्र सरकार से पुरजोर अपील करते हैं कि श्री करतारपुर साहिब कॉरिडोर के माध्यम से रोजाना यात्रा को जल्द से जल्द बहाल किया जाए। सुरक्षा, प्रशासनिक और कूटनीतिक व्यवस्थाओं को पूरा करते हुए इस सेवा को शीघ्र शुरू किया जाए, ताकि संगत एक बार फिर सहज और सुगमता से गुरुद्वारा श्री करतारपुर साहिब में माथा टेक सके।

0 टिप्पणियाँ