By प्रदीप कुमार नई दिल्ली : एचपीसीएल के किसी भी रिटेल आउटलेट में इथेनॉल मिश्रित पेट्रोल में कोई गड़बड़ नहीं मिली है। हिन्दुस्तान पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड (HPCL) ने देशभर में अपने ईंधन गुणवत्ता निगरानी कार्यक्रम को और अधिक सुदृढ़ करते हुए अपने रिटेल आउटलेट नेटवर्क पर इथेनॉल मिश्रित पेट्रोल की व्यापक जांच और परीक्षण किए हैं। यह पहल ग्राहकों को उच्च गुणवत्ता वाला ईंधन उपलब्ध कराने की कंपनी की प्रतिबद्धता को और मजबूत करती है।
7 से 13 जुलाई 2026 के बीच एचपीसीएल के फील्ड अधिकारियों ने देशभर के 2,173 रिटेल आउटलेट्स पर आकस्मिक निरीक्षण कर यह सुनिश्चित किया कि पेट्रोल में निर्धारित मानकों के अनुरूप इथेनॉल मिश्रण किया गया है। इसके अतिरिक्त, 3 से 13 जुलाई 2026 के दौरान कंपनी के नियमित गुणवत्ता निगरानी कार्यक्रम के तहत 1,385 नियमित निरीक्षण भी किए गए।
गुणवत्ता निगरानी व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए एचपीसीएल के गुणवत्ता आश्वासन (एंटी-एडल्टरेशन) प्रकोष्ठ ने 93 अतिरिक्त आकस्मिक निरीक्षण किए। साथ ही, कंपनी की मोबाइल प्रयोगशालाओं के माध्यम से 49 ईंधन नमूनों की जांच की गई।
इस व्यापक निगरानी अभियान के दौरान पूरे रिटेल नेटवर्क में ईंधन में मिलावट, संदूषण, किसी भी प्रकार की गंभीर अनियमितता अथवा गुणवत्ता मानकों के उल्लंघन का कोई मामला सामने नहीं आया।
एचपीसीएल ईंधन की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए मजबूत बहु-स्तरीय गुणवत्ता आश्वासन प्रणाली का पालन करता है, जिसमें नियमित फील्ड निरीक्षण, आकस्मिक जांच, प्रयोगशाला परीक्षण तथा निरंतर निगरानी शामिल है। इन सभी उपायों के माध्यम से यह सुनिश्चित किया जाता है कि एचपीसीएल के रिटेल आउटलेट्स पर उपलब्ध कराया जाने वाला ईंधन निर्धारित गुणवत्ता मानकों के अनुरूप हो। यह व्यवस्था देशभर के ग्राहकों को सुरक्षित, विश्वसनीय और उच्च गुणवत्ता वाला ईंधन उपलब्ध कराने की कंपनी की प्रतिबद्धता को और सशक्त बनाती है।

0 टिप्पणियाँ