Hot Posts

8/recent/ticker-posts

Badminton में नया गेमचेंजर! Shriram Finance और Prakash Padukone की साझेदारी से 75 केंद्रों पर तैयार होंगे Champions

By प्रदीप कुमार नई दिल्ली : दिनांक 2 जून 2026, श्रीराम समूह की प्रमुख कंपनी श्रीराम फाइनेंस लिमिटेड (एसएफएल) ने आज पदुकोण स्कूल ऑफ बैडमिंटन (पीएसबी) के साथ प्रेजेंटिंग प्रायोजक के रूप में साझेदारी की घोषणा की। श्रीराम फाइनेंस के एग्जीक्यूटिव वाइस चेयरमैन उमेश रेवंकर और भारत के दिग्गज बैडमिंटन खिलाड़ी तथा पीएसबी के संस्थापक पद्मश्री प्रकाश पदुकोण ने बेंगलुरु स्थित पदुकोण-द्रविड़ सेंटर ऑफ स्पोर्ट्स एक्सीलेंस में इस सहयोग की घोषणा की।

 

Prakash Padukone और Shriram Finance के अधिकारियों ने बैडमिंटन प्रतिभाओं को बढ़ावा देने के लिए नई साझेदारी की घोषणा की।

इस साझेदारी के माध्यम से एसएफएल वित्तीय समावेशन और सामुदायिक विकास के जरिए राष्ट्र निर्माण के लिए प्रतिबद्धता को और मजबूत कर रहा है। अब यह प्रतिबद्धता खेल और देशभर की जमीनी स्तर की प्रतिभाओं तक भी विस्तारित होगी। इस सहयोग के तहत भारत में पीएसबी के सभी मौजूदा और भविष्य के केंद्र “श्रीराम फाइनेंस प्रेजेंट्स पदुकोण स्कूल ऑफ बैडमिंटन” नाम से संचालित होंगे। इस पहल का उद्देश्य देशभर में विभिन्न आयु वर्गों और उभरते खिलाड़ियों के लिए जमीनी स्तर पर संरचित बैडमिंटन प्रशिक्षण की पहुंच को और मजबूत करना है।

साझेदारी की प्रमुख विशेषताएं:

नेमिंग राइट्स: भारत में पीएसबी के सभी मौजूदा और भविष्य के केंद्र “श्रीराम फाइनेंस प्रेजेंट्स पदुकोण स्कूल ऑफ बैडमिंटन” नाम से संचालित होंगे।

अपैरल स्पॉन्सरशिप: पीएसबी अकादमियों में खिलाड़ियों, कोचों और सहयोगी स्टाफ के बीच 2,000 से अधिक ब्रांडेड टी-शर्ट वितरित की जाएंगी।

टूर्नामेंट स्पॉन्सरशिप: श्रीराम फाइनेंस की प्रेजेंटिंग स्पॉन्सरशिप के तहत 13 ओपन टूर्नामेंट आयोजित किए जाएंगे, जबकि 2 ऑल इंडिया योनेक्स टूर्नामेंट में कंपनी “पावर्ड बाय” स्पॉन्सर होगी।

चार दशकों से अधिक समय से श्रीराम फाइनेंस छोटे उद्यमियों, खुदरा ऋण लेने वालों और देश के वंचित समुदायों का विश्वसनीय वित्तीय साझेदार रहा है। पीएसबी के साथ यह साझेदारी उसी सोच का स्वाभाविक विस्तार है, जिसके तहत बैलेंस शीट से आगे बढ़कर मानवीय क्षमता में निवेश किया जा रहा है और उन समुदायों तक पहुंच बनाई जा रही है जहां लोग रहते हैं, काम करते हैं और खेलते हैं।

इस अवसर पर श्रीराम फाइनेंस के एग्जीक्यूटिव वाइस चेयरमैन उमेश रेवंकर ने कहा, “श्रीराम फाइनेंस में हम हमेशा उन समुदायों में सार्थक प्रभाव पैदा करने में विश्वास रखते हैं, जिनकी हम सेवा करते हैं। पदुकोण स्कूल ऑफ बैडमिंटन के साथ हमारी साझेदारी इसी प्रतिबद्धता को दर्शाती है। इस पहल के माध्यम से हम देशभर के युवा खिलाड़ियों को समर्पण, अनुशासन और आत्मविश्वास के साथ इस खेल को अपनाने के लिए प्रेरित करना चाहते हैं। साथ ही भारत में जमीनी स्तर पर खेल तंत्र को मजबूत बनाने में भी योगदान देना चाहते हैं।”

वर्तमान में पदुकोण स्कूल ऑफ बैडमिंटन 18 भारतीय शहरों में 75 केंद्र संचालित कर रहा है, जहां युवा प्रतिभाओं को निखारने और खेल में व्यापक भागीदारी को बढ़ावा देने के उद्देश्य से पेशेवर कोचिंग और प्रशिक्षण कार्यक्रम उपलब्ध कराए जाते हैं।

इस अवसर पर पद्मश्री प्रकाश पदुकोण, संस्थापक, मेंटर एवं निदेशक, पदुकोण स्कूल ऑफ बैडमिंटन ने कहा, “हम पदुकोण स्कूल ऑफ बैडमिंटन के प्रेजेंटिंग स्पॉन्सर के रूप में श्रीराम फाइनेंस का स्वागत करते हुए बेहद प्रसन्न हैं। यह साझेदारी जमीनी स्तर पर प्रतिभाओं को विकसित करने और भारतभर के उभरते खिलाड़ियों तक गुणवत्तापूर्ण बैडमिंटन कोचिंग पहुंचाने की साझा सोच पर आधारित है। श्रीराम फाइनेंस के सहयोग से हम अपनी पहुंच को और विस्तारित करने तथा युवा खिलाड़ियों को सीखने, आगे बढ़ने और उचित मार्गदर्शन एवं बुनियादी ढांचे के साथ खेल में आगे बढ़ने के लिए मजबूत मंच प्रदान करने की दिशा में कार्य करेंगे।”

पदुकोण स्कूल ऑफ बैडमिंटन का उद्देश्य पेशेवर रूप से संचालित केंद्रों और योजनाबद्ध तरीके से विकास कार्यक्रमों के माध्यम से देशभर में गुणवत्तापूर्ण बैडमिंटन कोचिंग तक पहुंच को आसान बनाना है। ये कार्यक्रम प्रारंभिक, मध्यवर्ती और उच्च प्रदर्शन स्तरों तक फैले हुए हैं। अकादमी का प्रशिक्षण तंत्र तकनीकी कौशल, फुर्ती, फिटनेस और टूर्नामेंट की तैयारी को शामिल करता है। इसके साथ ही व्यापक बैडमिंटन पारिस्थितिकी तंत्र को मजबूत करने के लिए विशेष कोच प्रमाणन (सर्टिफिकेशन) कार्यक्रम भी संचालित किया जाता है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ