By प्रदीप कुमार नई दिल्ली : भारत सरकार ने वी. पकरीसामी को 2 जून 2026 से पावर फाइनेंस कॉरपोरेशन लिमिटेड (पीएफसी) के निदेशक (वाणिज्यिक) के रूप में नियुक्त किया है। इससे पूर्व, वे पीएफसी में कार्यपालक निदेशक - एंटिटी अप्रेज़ल एवं सूचना प्रौद्योगिकी के पद पर कार्यरत थे।
पकरीसामी के पास विद्युत क्षेत्र और इंफ्रास्ट्रक्चर वित्तपोषण में तीन दशकों से अधिक का व्यापक अनुभव है। उन्होंने आईआईटी दिल्ली से बी.ई. (मैकेनिकल) तथा एम.टेक. (प्रबंधन एवं सिस्टम्स) की डिग्री प्राप्त की है। उन्होंने अपने पेशेवर करियर की शुरुआत वर्ष 1989 में की और 1997 में पीएफसी में शामिल हुए। इन वर्षों के दौरान, उन्होंने संगठन के परिचालनों का विस्तार करने तथा मूल्यांकन एवं जोखिम प्रबंधन फ्रेमवर्क को सुदृढ़ बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है, जिससे पीएफसी के ऋण पोर्टफोलियो की वृद्धि में उल्लेखनीय योगदान मिला।
उन्होंने कई महत्वपूर्ण संस्थागत पहलों में अग्रणी भूमिका निभाई है, जिनमें राष्ट्र स्तरीय विद्युत उत्पादन एवं पारेषण संस्थाओं के वर्गीकरण हेतु कार्यप्रणालियों का विकास, विद्युत वितरण कंपनियों के लिए विद्युत मंत्रालय द्वारा अनुमोदित एकीकृत रेटिंग फ्रेमवर्क का निर्माण तथा निजी क्षेत्र की संस्थाओं के लिए मूल्यांकन नीतियों का प्रारूप तैयार करना शामिल है। इसके अतिरिक्त, उन्होंने ऑनलाइन ऋण आवेदन प्रणाली, प्रारंभिक मूल्यांकन प्रक्रियाओं तथा नवीकरणीय ऊर्जा परियोजनाओं के मूल्यांकन फ्रेमवर्क के विकास में भी योगदान दिया है।
पकरीसामी शुंगलू समिति के सदस्य रह चुके हैं, जिसका गठन प्रधानमंत्री कार्यालय द्वारा किया गया था तथा वे पीएफसी की ऋण नीति समिति और बड़े मूल्य के ऋणों को स्वीकृति प्रदान करने वाली विभिन्न कार्यकारी समितियों के भी सदस्य रहे हैं। उन्होंने पीएफसी के ऋण संकेंद्रण मानकों को आरबीआई के दिशा-निर्देशों के अनुरूप बनाने में भी योगदान दिया है।
इसके साथ ही, वे तेलंगाना नॉर्थ डिस्कॉम के निदेशक मंडल में नामित निदेशक के रूप में कार्यरत हैं तथा पावर फाउंडेशन ऑफ इंडिया के अध्यक्ष भी हैं। वे पीएफसी में इकाई मूल्यांकन, ऋण निगरानी तथा संस्थागत प्रक्रियाओं को और अधिक मजबूत बनाने के लिए निरंतर कार्य कर रहे हैं।

0 टिप्पणियाँ