Hot Posts

8/recent/ticker-posts

50 Years of Baba Harbans Singh Ji Car Sewa! Bangla Sahib में उमड़ा संगतों का सैलाब, DSGMC ने किया भव्य सम्मान समारोह

By प्रदीप कुमार नई दिल्ली: दिल्ली सिख गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी ने पंथ रत्न बाबा हरबंस सिंह जी कार सेवा वालों की ओर से दिल्ली में कार सेवा शुरू किए जाने के 50 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर शनिवार को गुरुद्वारा बंगला साहिब में विशाल गुरमति समागम आयोजित किया। इसमें हजारों श्रद्धालुओं ने भाग लिया।

समागम को संबोधित करते हुए कमेटी के अध्यक्ष सरदार हरमीत सिंह कालका और महासचिव सरदार जगदीप सिंह काहलों ने कहा कि पंथ रत्न बाबा हरबंस सिंह जी कार सेवा वालों ने गुरुद्वारा बंगला साहिब में सरोवर की सेवा से इस कार सेवा की शुरुआत की थी। आज गुरुद्वारा माता सुंदरी जी, गुरुद्वारा नानक प्याऊ, गुरुद्वारा बाला साहिब सहित लगभग सभी प्रमुख गुरुद्वारों में उनकी कार सेवा निरंतर चल रही है।

उन्होंने बताया कि कहीं विशाल हॉलों का निर्माण हो रहा है, कहीं बड़ी सरायें बनाई जा रही हैं और कहीं कर्मचारियों के लिए आवास तैयार किए जा रहे हैं। बाबा जी के जत्थे के सदस्य दिन-रात सेवा कार्यों में समर्पित होकर लगे हुए हैं।

उन्होंने कहा कि जहां सामान्य ठेकेदारों द्वारा निर्मित इमारतें कुछ वर्षों में ही क्षतिग्रस्त होने लगती हैं, वहीं बाबा जी के जत्थे द्वारा कार सेवा के माध्यम से निर्मित भवन सैकड़ों वर्षों तक मजबूती से खड़े रहते हैं। ये इमारतें न केवल अत्यंत मजबूत होती हैं, बल्कि अपनी सुंदरता के लिए भी विशेष पहचान रखती हैं।

इस अवसर पर कमेटी की ओर से वर्तमान में जत्थे की अगुवाई कर रहे बाबा बचन सिंह जी कार सेवा वालों तथा अन्य सेवाधारकों को सिरोपा भेंट कर सम्मानित किया गया। समागम में बाबा सुरिंदर सिंह जी, बाबा लख्खा सिंह सहित अनेक प्रमुख धार्मिक एवं सामाजिक हस्तियां उपस्थित रहीं।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ