By विनय मिश्रा नई दिल्ली: देश की राजधानी दिल्ली में सामाजिक एवं सांस्कृतिक गतिविधियों के लिए विख्यात कुर्मांचल जन कल्याण एवं सांस्कृतिक समिति इस वर्ष अपने स्थापना के 25 वर्ष पूर्ण होने पर रजत जयंती वर्ष मना रही है। इस अवसर पर समिति द्वारा वर्षभर विविध धार्मिक, सांस्कृतिक एवं खेलकूद कार्यक्रमों के भव्य आयोजन की रूपरेखा तैयार की गई है।
समिति के संगठन सचिव महेंद्र रावत ने जानकारी देते हुए बताया कि वर्ष 2001 से समिति लगातार अखंड रामायण का आयोजन करती आ रही है। इसके साथ ही वर्ष 2015 से रामलीला मंचन की परंपरा भी निरंतर जारी है, जो क्षेत्र में विशेष आकर्षण का केंद्र रही है।
उन्होंने बताया कि समिति समय-समय पर सुंदरकांड पाठ, नंदा देवी कलश यात्रा, क्रिकेट एवं वॉलीबॉल टूर्नामेंट जैसे कार्यक्रमों का भी सफल आयोजन करती रही है। इन आयोजनों में स्थानीय एवं प्रतिष्ठित कलाकारों की भागीदारी सुनिश्चित की जाती है, जिससे कार्यक्रमों की भव्यता और गुणवत्ता बनी रहती है।
महेंद्र रावत ने कहा कि समिति का मुख्य उद्देश्य उत्तराखंड की समृद्ध संस्कृति और परंपराओं का संरक्षण एवं देशभर में उसका प्रचार-प्रसार करना है। उन्होंने समिति के सभी कार्यकारिणी सदस्यों एवं सहयोगियों से आगामी कार्यक्रमों को सफल बनाने में सक्रिय सहयोग की अपेक्षा जताई।
साथ ही उन्होंने आमजन से अपील की कि वे अधिक से अधिक संख्या में इन आयोजनों में भाग लेकर सांस्कृतिक विरासत को आगे बढ़ाने में अपना योगदान दें।
समिति का यह रजत जयंती वर्ष न केवल बीते वर्षों की उपलब्धियों का उत्सव है, बल्कि भविष्य में सामाजिक एवं सांस्कृतिक कार्यों को और व्यापक स्तर पर संचालित करने का संकल्प भी है।

0 टिप्पणियाँ