By विनय मिश्रा नई दिल्ली: शब-ए-बरात के मुबारक मौक़े पर क़दीमी कब्रिस्तान, करदमपुरी में फातिहा पढ़ने आए लोगों ने निगम पार्षद हाजी ज़रीफ का दिल से शुक्रिया अदा किया। जब भी ऐसा कोई मौक़ा आता है जहाँ किसी जननुमाइंदे से अपनी ज़िम्मेदारियों को पूरी संजीदगी, एहसास और मुस्तैदी के साथ निभाने की उम्मीद होती है ऐसे वक़्त में कबीर नगर वार्ड के निगम पार्षद हाजी ज़रीफ हमेशा सबसे आगे खड़े नज़र आते हैं। हर साल की तरह इस साल भी शब-ए-बरात के पेशे-नज़र हाजी ज़रीफ ने करदमपुरी कब्रिस्तान में बेहतरीन इंतज़ामात सुनिश्चित करवाए ताकि इस पाक और मुक़द्दस रात मरहूमीन के लिए फातिहा करने आने वाले लोगों को किसी भी तरह की दिक़्क़त या परेशानी का सामना न करना पड़े।
कब्रिस्तान में बेहतरीन सफ़ाई का इंतज़ाम करने के साथ-साथ झाड़ियों की कटाई करवाई गई। टीन शेड के नीचे 50 से ज़्यादा मुस्तक़िल लाइटें लगवाई गईं, जनरेटर का मुनासिब इंतज़ाम किया गया और 150 से ज़्यादा आरज़ी लाइटों का भी बंदोबस्त किया गया। इसके अलावा दीवारों की रंगाई-पुताई समेत दीगर ज़रूरी काम भी मुकम्मल करवाए गए।
निगम पार्षद हाजी ज़रीफ की इन ख़िदमात और कोशिशों से कब्रिस्तान आने वाली अवाम काफ़ी मुतमईन और ख़ुश नज़र आई। बेहतर सहूलियतों के लिए लोगों ने हाजी ज़रीफ का खुले दिल से शुक्रिया अदा किया और उनके काम की सराहना की।

0 टिप्पणियाँ