By विनय मिश्रा नई दिल्ली: दिनांक 11 जनवरी 2026, केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने शनिवार को प्रधानमंत्री संग्रहालय में PM-YUVA 3.0 योजना के तहत चयनित 43 युवा लेखकों के साथ एक प्रेरणादायी संवाद सत्र में भाग लिया। इस अवसर पर चयनित लेखकों ने मेंटरशिप योजना के अंतर्गत अपनी आगामी पुस्तकों की पांडुलिपियों के विषयों की संक्षिप्त जानकारी साझा की।
धर्मेंद्र प्रधान ने सभी चयनित लेखकों को बधाई देते हुए कहा कि PM-YUVA 3.0 की छह माह की मेंटरशिप योजना का पूर्ण लाभ उठाकर ऐसी पुस्तकें लिखें, जो भारत के युवाओं को पढ़ने और लिखने के लिए प्रेरित करें। उन्होंने निर्देश दिया कि लेखकों को शोध सामग्री तक बेहतर पहुंच सुनिश्चित की जाए, चाहे वह भौतिक रूप में हो या डिजिटल माध्यम से।
शिक्षा मंत्री ने यह भी सुझाव दिया कि राष्ट्रीय पुस्तक न्यास (NBT) द्वारा लेखकों को ‘वन नेशन–वन सब्सक्रिप्शन (ONOS)’ पहल के अंतर्गत उपलब्ध शोध संसाधनों तक पहुंच दी जाए। साथ ही, उन्होंने चयनित लेखकों को उनके क्षेत्र की केंद्रीय विश्वविद्यालयों से जोड़े जाने के निर्देश दिए, ताकि उन्हें शोध और पांडुलिपि विकास के लिए संस्थागत सहयोग मिल सके।
इस अवसर पर उच्च शिक्षा सचिव विनीत जोशी, NBT-India के निदेशक युवराज मलिक, प्रधानमंत्री संग्रहालय की सीईओ डॉ. प्रियंका मिश्रा, NBT-India के मुख्य संपादक एवं संयुक्त निदेशक कुमार विक्रम तथा प्रधानमंत्री संग्रहालय के संयुक्त निदेशक रवि के. मिश्रा भी उपस्थित रहे।
उल्लेखनीय है कि PM-YUVA 3.0 योजना के तहत चयनित 43 लेखक, शिक्षा मंत्रालय द्वारा राष्ट्रीय पुस्तक न्यास, भारत के सहयोग से आयोजित नई दिल्ली विश्व पुस्तक मेला 2026 (10–18 जनवरी) के अवसर पर आयोजित राष्ट्रीय शिविर में भाग ले रहे हैं। यह प्रतिष्ठित पुस्तक मेला 10 जनवरी 2026 को भारत मंडपम में केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान द्वारा उद्घाटित किया गया था।

0 टिप्पणियाँ