By प्रदीप कुमार नई दिल्ली : वैश्विक क्वांटिटेटिव निवेश कंपनी अल्फाग्रेप ग्रुप की भारतीय इकाई अल्फाग्रेप म्यूचुअल फंड ने भारतीय म्यूचुअल फंड बाजार में अपना पहला मल्टी-एसेट एलोकेशन फंड लॉन्च कर दिया है। इसके साथ ही कंपनी का न्यू फंड ऑफर (एनएफओ) निवेशकों के लिए खुल गया है। इस योजना के जरिए निवेशकों को एक ही फंड में इक्विटी, डेट और कमोडिटी जैसी विभिन्न परिसंपत्तियों में निवेश का अवसर मिलेगा।
यह ओपन-एंडेड मल्टी-एसेट एलोकेशन योजना है, जो इक्विटी, डेट एवं मनी मार्केट इंस्ट्रूमेंट्स, सोना, चांदी, कमोडिटी ईटीएफ तथा एक्सचेंज ट्रेडेड कमोडिटी डेरिवेटिव्स में निवेश करेगी। इसका उद्देश्य विभिन्न परिसंपत्ति वर्गों में संतुलित निवेश के माध्यम से लंबी अवधि में बेहतर पूंजी वृद्धि हासिल करना है।
इस योजना की सबसे बड़ी विशेषता यह है कि इसमें पारंपरिक निवेश पद्धति के बजाय प्रोप्राइटरी क्वांटिटेटिव मॉडल और एल्गोरिदमिक तकनीक का उपयोग किया जाएगा। बाजार की परिस्थितियों के अनुसार यह मॉडल स्वतः तय करेगा कि इक्विटी, डेट और कमोडिटी में कितना निवेश किया जाए। इससे निवेश अनुशासित रहेगा और जोखिम प्रबंधन भी बेहतर होगा।
योजना का प्रबंधन रवनीत सिंह करेंगे। इसका बेंचमार्क 35 प्रतिशत निफ्टी 200 टीआरआई, 45 प्रतिशत निफ्टी कंपोजिट डेट इंडेक्स और 20 प्रतिशत एमसीएक्स आईकॉमडेक्स कंपोजिट इंडेक्स रखा गया है।
योजना में न्यूनतम 500 रुपये से निवेश किया जा सकता है। सिस्टेमैटिक इन्वेस्टमेंट प्लान (एसआईपी) भी 500 रुपये से शुरू होगी, जिसमें साप्ताहिक, पाक्षिक, मासिक और तिमाही विकल्प उपलब्ध रहेंगे। यूनिट आवंटन के 15 दिनों के भीतर निकासी करने पर एक प्रतिशत एग्जिट लोड देना होगा, जबकि इसके बाद कोई एग्जिट लोड नहीं लगेगा। रिस्कोमीटर के अनुसार इस योजना को 'बहुत अधिक जोखिम' श्रेणी में रखा गया है।
अल्फाग्रेप म्यूचुअल फंड के मुख्य कार्यकारी अधिकारी भौतिक अंबानी ने कहा कि कंपनी लंबे समय से संस्थागत निवेशकों के लिए एल्गोरिदमिक निवेश रणनीतियों पर काम कर रही है। अब उसी अनुभव और आधुनिक तकनीक को भारतीय खुदरा निवेशकों तक पहुंचाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि यह फंड बदलते बाजार के अनुरूप निवेश पोर्टफोलियो को संतुलित रखने और दीर्घकालिक संपत्ति निर्माण में सहायक होगा।
कंपनी के मुताबिक, अल्फाग्रेप ग्रुप अपने वैश्विक एसेट मैनेजमेंट कारोबार के तहत करीब 1 अरब अमेरिकी डॉलर (लगभग 8,500 करोड़ रुपये) की परिसंपत्तियों का प्रबंधन करता है।

0 टिप्पणियाँ