By विनय मिश्रा नई दिल्ली: अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर सोनिया विहार वाॅटर स्पोर्ट्स क्लब में पर्यटन मंत्री कपिल मिश्रा जी द्वारा योग कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत द्विपप्रज्ज्वलन से हुई, जिसके बाद क्लब के अध्यक्ष स्व. कुंवरपाल सिंह जी को श्रद्धांजलि स्वरूप सभी उपस्थित लोगों ने मौन रखकर उन्हें याद किया। इसके पश्चात योगाभ्यास कार्यक्रम आरंभ हुआ।
इस बार क्लब द्वारा आयोजित होने वाला पानी पर योग का विशेष कार्यक्रम प्रशासनिक कारणों से रद्द कर दिया गया था। फिर भी विश्वभर में योग दिवस की श्रृंखला को बनाए रखने के उद्देश्य से पर्यटन मंत्री कपिल मिश्रा जी ने क्लब में इस कार्यक्रम का आयोजन किया। इसमें क्लब के खिलाड़ियों के साथ-साथ विभिन्न विभागों के प्रशासनिक अधिकारी और स्थानीय लोग भी बड़ी संख्या में शामिल हुए।
अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर कलकत्ता से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी को सभी लोगों ने लाईव सुना, जिसमें उन्होंने देशवासियों को योग अपनाने और इसे जीवन का हिस्सा बनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं है, बल्कि यह मन, शरीर और आत्मा को संतुलित करने का एक अद्भुत साधन है। प्रधानमंत्री ने स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता पर विशेष जोर देते हुए बताया कि योग ने विश्वभर में भारत की पहचान को मजबूत किया है और आज यह वैश्विक स्वास्थ्य आंदोलन का स्वरूप ले चुका है।
मोदी जी ने योग की उपलब्धियों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि नियमित योगाभ्यास से न केवल शारीरिक रोगों से बचाव होता है, बल्कि मानसिक शांति और सकारात्मक ऊर्जा भी प्राप्त होती है। उन्होंने लोगों से आग्रह किया कि योग को केवल एक दिन तक सीमित न रखें, बल्कि इसे रोज़मर्रा की आदत बनाकर स्वस्थ जीवन की ओर कदम बढ़ाएँ।


0 टिप्पणियाँ