By प्रदीप कुमार नई दिल्ली : दिनांक 14 जून 2026, दिल्ली सिख गुरुद्वारा प्रबंधक समिति के अध्यक्ष सरदार हरमीत सिंह कालका, महासचिव सरदार जगदीप सिंह काहलो तथा धर्म प्रचार समिति के अध्यक्ष सरदार जसप्रीत सिंह करमसर ने सरदार सरबजीत सिंह मक्कड़ को समिति की धर्म प्रचार उपसमिति का वरिष्ठ उपाध्यक्ष तथा सरदारनी मनदीप कौर मक्कड़ को धर्म प्रचार महिला विंग का उपाध्यक्ष नियुक्त किया है।
समिति के अध्यक्ष सरदार हरमीत सिंह कालका और धर्म प्रचार समिति के अध्यक्ष सरदार जसप्रीत सिंह करमसर ने सरदार सरबजीत सिंह मक्कड़ एवं सरदारनी मनदीप कौर मक्कड़ को सिरोपा भेंट कर सम्मानित किया।
इस अवसर पर सरदार हरमीत सिंह कालका और सरदार जसप्रीत सिंह करमसर ने कहा कि सरदार सरबजीत सिंह मक्कड़ के परिवार के हमारी टीम से जुड़ने से पूरी टीम को और अधिक मजबूती मिलेगी तथा धर्म प्रचार के कार्यों को और प्रभावशाली ढंग से आगे बढ़ाया जा सकेगा। उन्होंने कहा कि दिल्ली की संगत लगातार हमारी टीम का उत्साहवर्धन कर रही है और दिन-प्रतिदिन अधिक लोग हमारे समर्थन में आगे आ रहे हैं, जिससे टीम और अधिक सशक्त हो रही है।
उन्होंने बताया कि अमृतधारी बच्चों की फीस माफी के लिए गठित समिति में भी सरदार सरबजीत सिंह मक्कड़ को कोर समिति का सदस्य बनाया गया है। उन्होंने कहा कि यह हम सभी के लिए गर्व की बात है। इस अवसर पर लॉरेंस रोड स्थित ए-1 और सी-3 गुरुद्वारा साहिब से गुरु तेग बहादुर सेवा सोसायटी के सभी भाई-बहन भी उनका सम्मान बढ़ाने के लिए उपस्थित रहे।
इस नियुक्ति पर सरदार सरबजीत सिंह मक्कड़ ने सरदार हरमीत सिंह कालका, सरदार जगदीप सिंह काहलो तथा सरदार जसप्रीत सिंह करमसर का धन्यवाद करते हुए विश्वास दिलाया कि वे सौंपी गई जिम्मेदारियों का पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ निर्वहन करेंगे तथा गुरु साहिब की कृपा से सिखी के प्रचार-प्रसार के लिए निरंतर कार्य करते रहेंगे।

0 टिप्पणियाँ