By विनय मिश्रा नई दिल्ली: ICC Men's T20 World Cup 2026 :
अहमदाबाद/गुजरात : भारतीय क्रिकेट के इतिहास में रविवार का दिन हमेशा के लिए सुनहरे अक्षरों में दर्ज हो गया। अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले गए आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2026 के फाइनल में भारत ने न्यूजीलैंड को 96 रन से हराकर रिकॉर्ड तीसरी बार विश्व कप का खिताब अपने नाम कर लिया।
डिफेंडिंग चैंपियन के रूप में टूर्नामेंट में उतरी भारतीय टीम ने न केवल अपने खिताब को सफलतापूर्वक बचाया, बल्कि लगातार दूसरी बार ट्रॉफी जीतकर इतिहास रच दिया। कप्तान सूर्यकुमार यादव की अगुवाई में टीम इंडिया ने पूरे टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन किया और फाइनल में भी कीवी टीम को कोई मौका नहीं दिया। इस जीत के साथ भारत अब तीन बार टी20 विश्व कप जीतने वाली दुनिया की पहली टीम बन गया है।
अहमदाबाद में टूटा 2023 का दर्द:
यह वही मैदान था जहां 2023 वनडे विश्व कप के फाइनल में भारत को ऑस्ट्रेलिया के हाथों हार का सामना करना पड़ा था। उस हार का दर्द भारतीय फैंस के दिलों में आज भी ताजा था।
जब टीम इंडिया इसी मैदान पर न्यूजीलैंड के खिलाफ फाइनल खेलने उतरी, तो फैंस के मन में एक डर जरूर था कि कहीं इतिहास फिर न दोहराया जाए। लेकिन इस बार भारतीय टीम अलग इरादों के साथ मैदान में उतरी थी।
भारतीय खिलाड़ियों ने न केवल उस दर्द को पीछे छोड़ा बल्कि उसी मैदान पर इतिहास रचते हुए देश को एक और विश्व कप ट्रॉफी दिला दी।
भारत ने खड़ा किया फाइनल का सबसे बड़ा स्कोर:
टॉस हारने के बाद पहले बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम ने शुरुआत से ही आक्रामक अंदाज दिखाया। सलामी बल्लेबाज अभिषेक शर्मा और संजू सैमसन ने तेज बल्लेबाजी करते हुए न्यूजीलैंड के गेंदबाजों पर दबाव बना दिया। दोनों के बीच पहले विकेट के लिए 98 रन की शानदार साझेदारी हुई।
अभिषेक शर्मा ने फॉर्म में जोरदार वापसी करते हुए 21 गेंदों में 52 रन की विस्फोटक पारी खेली, जिसमें छह चौके और तीन छक्के शामिल थे। इसके बाद संजू सैमसन ने भी शानदार बल्लेबाजी जारी रखी और लगातार तीसरा अर्धशतक जमाते हुए 46 गेंदों में 89 रन बनाए। उनकी इस पारी में पांच चौके और आठ छक्के शामिल रहे।
मिडिल ऑर्डर में ईशान किशन ने भी तेज बल्लेबाजी करते हुए 25 गेंदों में 54 रन ठोक दिए। अंतिम ओवरों में शिवम दुबे ने तूफानी बल्लेबाजी की और सिर्फ 8 गेंदों में 26 रन बनाकर भारत का स्कोर 250 के पार पहुंचा दिया। 20 ओवर में भारत ने 5 विकेट पर 255 रन बनाए, जो टी20 वर्ल्ड कप फाइनल का अब तक का सबसे बड़ा स्कोर बन गया।
गेंदबाजों ने भी दिखाई धार:
विशाल लक्ष्य का पीछा करने उतरी न्यूजीलैंड की टीम शुरुआत से ही दबाव में नजर आई। भारतीय गेंदबाजों ने शानदार लाइन और लेंथ के साथ कीवी बल्लेबाजों को खुलकर खेलने का मौका नहीं दिया। अक्षर पटेल ने शुरुआत में ही फिन एलन और ग्लेन फिलिप्स को आउट कर न्यूजीलैंड की कमर तोड़ दी।
इसके बाद जसप्रीत बुमराह ने अपनी घातक गेंदबाजी से मैच पूरी तरह भारत की झोली में डाल दिया। न्यूजीलैंड की टीम सिर्फ 72 रन पर 5 विकेट गंवा चुकी थी और वहीं से मैच लगभग खत्म हो गया। हालांकि टिम सीफर्ट और मिचेल सैंटनर ने कुछ देर संघर्ष किया, लेकिन भारतीय गेंदबाजों के सामने उनकी कोशिश ज्यादा देर टिक नहीं सकी। पूरी न्यूजीलैंड टीम 19 ओवर में 159 रन पर ऑल आउट हो गई।
स्कोरबोर्ड समरी:
भारत – 255/5 (20 ओवर) न्यूजीलैंड के गेंदबाज
संजू सैमसन – 89 (46) जेम्स नीशम – 3/46
अभिषेक शर्मा – 52 (21) मैट हेनरी – 1/49
ईशान किशन – 54 (25) रचिन रवींद्र – 1/32
हार्दिक पांड्या – 18 (13)
तिलक वर्मा – 8* (6)
शिवम दुबे – 26* (8)
न्यूजीलैंड – 159 ऑल आउट (19 ओवर) भारत के गेंदबाज
टिम सीफर्ट – 52 (26) जसप्रीत बुमराह – 4/15
मिचेल सैंटनर – 43 (35) अक्षर पटेल – 3/27
डेरिल मिचेल – 17 (11) वरुण चक्रवर्ती – 1/39
अभिषेक शर्मा – 1/5
हार्दिक पांड्या – 1/36
बुमराह बने प्लेयर ऑफ द मैच:
भारत की जीत के सबसे बड़े हीरो जसप्रीत बुमराह रहे। उन्होंने 4 ओवर में सिर्फ 15 रन देकर 4 विकेट लिए।
मैच के बाद बुमराह ने कहा: यह जीत मेरे लिए बहुत खास है, क्योंकि इसी मैदान पर हमने 2023 का फाइनल हारा था। आज वह कमी पूरी हो गई।
संजू सैमसन बोले – यह किसी सपने जैसा
मैच के बाद संजू सैमसन ने कहा: यह पल किसी सपने जैसा है। मैंने हमेशा इस दिन का सपना देखा था और आज टीम के लिए योगदान देकर बहुत खुश हूं।
पीएम मोदी और राष्ट्रपति ने दी बधाई:
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भारतीय टीम को बधाई देते हुए कहा: आईसीसी टी20 विश्व कप जीतने पर भारतीय टीम को हार्दिक बधाई। यह जीत उनके कौशल, दृढ़ संकल्प और टीमवर्क का शानदार उदाहरण है।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने भी टीम इंडिया को बधाई देते हुए कहा कि यह जीत पूरे देश के लिए गर्व का क्षण है।
कप्तान सूर्यकुमार यादव ने रचा नया इतिहास:
इस जीत के साथ सूर्यकुमार यादव भी विश्व विजेता कप्तानों की सूची में शामिल हो गए।
भारत इससे पहले:
2007 (एमएस धोनी की कप्तानी में) और 2024 (रोहित शर्मा की कप्तानी में) टी20 विश्व कप जीत चुका है।
अब 2026 में सूर्यकुमार यादव की कप्तानी में भारत ने तीसरी बार ट्रॉफी जीतकर इतिहास रच दिया है।
टूर्नामेंट में भारत का शानदार सफर:
भारत ने पूरे टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन किया।
ग्रुप स्टेज:
USA – 29 रन से जीत
नामीबिया – 93 रन से जीत
पाकिस्तान – 61 रन से जीत
नीदरलैंड – 17 रन से जीत
सुपर 8:
जिम्बाब्वे – 72 रन से जीत
वेस्टइंडीज – 5 विकेट से जीत
सेमीफाइनल:
इंग्लैंड को हराकर फाइनल में प्रवेश
फाइनल:
न्यूजीलैंड को 96 रन से हराया

0 टिप्पणियाँ