Hot Posts

8/recent/ticker-posts

IND vs ENG Semi Final: भारत की रोमांचक जीत, इंग्लैंड को 7 रन से हराकर फाइनल में पहुंची टीम इंडिया, अब न्यूज़ीलैंड से खिताबी मुकाबला

By विनय मिश्रा नई दिल्लीICC Men's T20 World Cup 2026 का दूसरा सेमीफाइनल मुकाबला गुरुवार (5 मार्च) को मुंबई के ऐतिहासिक वानखेड़े स्टेडियम में खेला गया, जहां भारत और इंग्लैंड के बीच हाई स्कोरिंग और बेहद रोमांचक मैच देखने को मिला। इस मुकाबले में टीम इंडिया ने शानदार खेल दिखाते हुए इंग्लैंड को 7 रन से हराकर फाइनल में जगह बना ली।

T20 World Cup 2026 semifinal में भारत की रोमांचक जीत के बाद जश्न मनाते भारतीय खिलाड़ी

भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 7 विकेट के नुकसान पर 253 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। जवाब में इंग्लैंड की टीम ने कड़ा संघर्ष किया, लेकिन निर्धारित ओवरों में 7 विकेट पर 246 रन ही बना सकी और टीम इंडिया ने मैच अपने नाम कर लिया।

इस जीत के साथ भारतीय टीम लगातार दूसरी बार टी20 वर्ल्ड कप के फाइनल में पहुंच गई है। अब 8 मार्च को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में भारत का सामना न्यूजीलैंड से होगा, जहां खिताब के लिए दोनों टीमों के बीच बड़ा मुकाबला देखने को मिलेगा।

तीसरी बार सेमीफाइनल में भिड़ीं भारत और इंग्लैंड:

दिलचस्प बात यह रही कि टी20 वर्ल्ड कप में भारत और इंग्लैंड की टीमें लगातार तीसरी बार सेमीफाइनल में आमने-सामने आईं।

2022 में इंग्लैंड ने भारत को हराया था।

2024 में भारतीय टीम ने वापसी करते हुए इंग्लैंड को मात दी थी।

वहीं 2026 में भी टीम इंडिया ने इंग्लैंड को हराकर अपना दबदबा कायम रखा और फाइनल का टिकट हासिल कर लिया।

इंग्लैंड की पारी: बेथेल का तूफानी शतक, इंग्लैंड को नहीं दिला सका जीत

254 रन के बड़े लक्ष्य का पीछा करने उतरी इंग्लैंड की शुरुआत कुछ खास नहीं रही। टीम ने शुरुआती ओवरों में ही दो अहम विकेट गंवा दिए।

फिल साल्ट सिर्फ 5 रन बनाकर हार्दिक पंड्या की गेंद पर आउट हो गए, जबकि हैरी ब्रूक 7 रन बनाकर जसप्रीत बुमराह की गेंद पर अक्षर पटेल को कैच दे बैठे।

कप्तान जोस बटलर ने कुछ अच्छे शॉट लगाए, लेकिन वह भी ज्यादा देर टिक नहीं सके और 25 रन बनाकर वरुण चक्रवर्ती की गेंद पर बोल्ड हो गए। उस समय इंग्लैंड का स्कोर 64/3 था।

इसके बाद टॉम बैंटन ने तेजी से रन बनाने की कोशिश की और दो बड़े छक्के लगाए, लेकिन अक्षर पटेल ने उन्हें 17 रन पर आउट कर दिया।

हालांकि इंग्लैंड के युवा बल्लेबाज जैकब बेथेल ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए मैच को रोमांचक बना दिया। उन्होंने सिर्फ 19 गेंदों में अर्धशतक पूरा किया और विल जैक्स के साथ पांचवें विकेट के लिए 77 रन की अहम साझेदारी की।

अर्शदीप सिंह ने विल जैक्स को आउट कर इस साझेदारी को तोड़ा। इसके बाद भी बेथेल ने लड़ाई जारी रखी और 48 गेंदों में 105 रन की शानदार पारी खेली, जिसमें 8 चौके और 7 छक्के शामिल थे।

लेकिन आखिरी ओवरों में जसप्रीत बुमराह और हार्दिक पंड्या की सटीक गेंदबाजी ने इंग्लैंड की उम्मीदों पर पानी फेर दिया। खासकर 18वें और 19वें ओवर में भारत ने मैच पर पूरी तरह पकड़ बना ली और अंत में 7 रन से जीत दर्ज कर ली।

संजू सैमसन की विस्फोटक बल्लेबाजी, भारत ने बनाया बड़ा स्कोर: 253/7

टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम को संजू सैमसन और अभिषेक शर्मा ने तेज शुरुआत दिलाई। हालांकि अभिषेक शर्मा 9 रन बनाकर जल्दी आउट हो गए।

इसके बाद संजू सैमसन और ईशान किशन ने पारी को संभालते हुए तेजी से रन बनाए। पावरप्ले के छह ओवर में भारत का स्कोर 67/1 तक पहुंच गया।

संजू सैमसन शानदार लय में नजर आए और उन्होंने सिर्फ 26 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा कर लिया। भारतीय टीम ने 8.3 ओवर में 100 रन पूरे कर लिए, जो टी20 वर्ल्ड कप नॉकआउट मुकाबलों में सबसे तेज स्कोरों में से एक है।

ईशान किशन 39 रन बनाकर आउट हुए, लेकिन इसके बाद सैमसन और शिवम दुबे ने आक्रामक बल्लेबाजी जारी रखी।

संजू सैमसन 42 गेंदों में 89 रन बनाकर शतक से चूक गए। उनकी पारी में कई आकर्षक चौके और छक्के शामिल रहे।

इसके बाद शिवम दुबे ने भी तेज बल्लेबाजी करते हुए 25 गेंदों में 43 रन बनाए, लेकिन वह रन आउट हो गए। अंतिम ओवरों में तिलक वर्मा ने 7 गेंदों में 21 रन की तेज पारी खेली, जबकि हार्दिक पंड्या ने 27 रन बनाकर टीम का स्कोर 253 तक पहुंचाया।

मैच स्कोर समरी:

भारत – 253/7 (20 ओवर)              गेंदबाजी (इंग्लैंड):

संजू सैमसन – 89 (42)                   आदिल राशिद – 2 विकेट

शिवम दुबे – 43 (25)                      विल जैक्स – 2 विकेट

ईशान किशन – 39 (26)                  जोफ्रा आर्चर - 1 विकेट 

हार्दिक पंड्या – 27 (15)

तिलक वर्मा – 21 (7)

इंग्लैंड – 246/7 (20 ओवर)            गेंदबाजी (भारत):

जैकब बेथेल – 105 (48)               जसप्रीत बुमराह – 2 विकेट

विल जैक्स – 34                           हार्दिक पंड्या – 2 विकेट

जोस बटलर – 25                         अक्षर पटेल – 1 विकेट

टॉम बैंटन – 17                            अर्शदीप सिंह – 1 विकेट 

जोफ्रा आर्चर                                वरुण चक्रवर्ती – 1 विकेट

फाइनल मुकाबला:

भारत vs न्यूजीलैंड

8 मार्च 2026

नरेंद्र मोदी स्टेडियम, अहमदाबाद

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ