By विनय मिश्रा नई दिल्ली: गाजियाबाद के चिरोड़ी क्षेत्र में 4 जनवरी 2026 को मिले अज्ञात शव के मामले में थाना लोनी पुलिस ने बड़ा खुलासा करते हुए हत्या की गुत्थी सुलझा ली है। पुलिस जांच में मृतक की पहचान आकाश के रूप में हुई है, जिसकी हत्या उसके ही दो दोस्तों चिंटू और बादल ने की थी। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और हत्या में प्रयुक्त मफलर भी बरामद कर लिया गया है।
एसीपी सिद्धार्थ गौतम ने मामले का खुलासा करते हुए बताया कि 4 जनवरी को चिरोड़ी क्षेत्र में शव मिलने की सूचना मिलते ही पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया था और उसकी पहचान की प्रक्रिया शुरू की गई। जांच में यह स्पष्ट हुआ कि आकाश की गला दबाकर हत्या की गई थी।
हत्या की गंभीरता को देखते हुए पुलिस की कई टीमों का गठन किया गया। तकनीकी साक्ष्यों और स्थानीय सूचना के आधार पर पुलिस ने मृतक के दोस्तों चिंटू और बादल को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जहां दोनों ने अपना अपराध कबूल कर लिया।
पूछताछ में सामने आया कि मृतक आकाश और दोनों आरोपी आपस में दोस्त थे। घटना वाले दिन तीनों एक साथ बैठकर शराब पी रहे थे। इसी दौरान किसी बात को लेकर विवाद इतना बढ़ गया कि गुस्से में आकर चिंटू और बादल ने मफलर से आकाश का गला दबा दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हत्या के बाद शव को चिरोड़ी क्षेत्र में फेंक दिया गया।
पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। इस सनसनीखेज वारदात ने एक बार फिर यह सवाल खड़ा कर दिया है कि नशे और आपसी विवाद किस तरह रिश्तों को खून में बदल रहे हैं।

0 टिप्पणियाँ