By विनय मिश्रा नई दिल्ली: गाजियाबाद के थाना अंकुर विहार पुलिस ने देर रात अपनी सटीक और साहसी कार्रवाई से दो शातिर इनामी हत्यारों को गिरफ्तार कर इलाके में शांति बनाए रखने का काम किया। दोनों आरोपी 25–25 हजार रुपये के घोषित इनामी हैं और हत्या के गंभीर मामलों में वांछित थे।
पुलिस टीम को मुखबिर खास से सूचना मिली कि डाबर तालाब क्षेत्र में हाल ही में हुई हत्या में शामिल दो बदमाश बुलेट मोटरसाइकिल पर रामलीला मैदान की तरफ बढ़ रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस ने रामलीला मैदान के सामने घेराबंदी की और दोनों बदमाशों को रोकने का प्रयास किया।
हालांकि बदमाशों ने पुलिस पर जानलेवा फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिससे दोनों अपराधियों के पैर में गोली लगी। इसके बाद पुलिस ने उन्हें घायल अवस्था में काबू कर लिया।
पूछताछ में दोनों की पहचान मन्नू उर्फ सुहैल और शान के रूप में हुई। पुलिस ने मौके से एक पिस्टल, एक तमंचा, तीन जिंदा कारतूस, एक खोखा और एक जिंदा कारतूस बरामद किया।
पुलिस के अनुसार, ये दोनों आरोपी 11 दिसंबर को हुई हत्या के मुख्य संदिग्ध भी हैं। इस घटना के बाद थाना अंकुर विहार में गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है और आरोपी अस्पताल में भर्ती हैं।
इस कार्रवाई के बाद इलाके में कानून व्यवस्था को लेकर लोगों में राहत की भावना है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि ऐसे अभियुक्तों के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी और किसी भी हालत में अपराधियों को बचने नहीं दिया जाएगा।

0 टिप्पणियाँ