Hot Posts

8/recent/ticker-posts

International Yoga Day 2026: KVIC अध्यक्ष मनोज गोयल ने Rajghat में किया योगाभ्यास, ‘Ek Ped Maa Ke Naam’ अभियान के तहत किया पौधारोपण

By विनय मिश्रा नई दिल्ली12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर रविवार को खादी और ग्रामोद्योग आयोग द्वारा गांधी दर्शन स्थित बहुउद्देशीय प्रशिक्षण केंद्र (एमडीटीसी) परिसर में सामूहिक योगाभ्यास कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि केवीआईसी अध्यक्ष मनोज गोयल ने अधिकारियों, कर्मचारियों तथा खादी जगत से जुड़े गणमान्यजनों के साथ योगाभ्यास कर स्वस्थ जीवन और नियमित योग के महत्व का संदेश दिया। इस वर्ष अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की थीम ‘स्वस्थ आयु के लिए योग’ (Yoga for Healthy Ageing) रही। यह थीम जीवन के प्रत्येक चरण में शारीरिक, मानसिक और भावनात्मक स्वास्थ्य को बनाए रखने में योग की महत्वपूर्ण भूमिका को रेखांकित करती है। 

राजघाट स्थित एमडीटीसी परिसर में अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर केवीआईसी अध्यक्ष मनोज गोयल अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ योगाभ्यास करते हुए।

योगाभ्यास कार्यक्रम के उपरांत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की प्रेरणा से चलाए जा रहे ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के अंतर्गत केवीआईसी अध्यक्ष मनोज गोयल ने कार्यालय परिसर में पौधारोपण किया तथा सभी से पर्यावरण संरक्षण और हरित भारत के निर्माण में सक्रिय योगदान देने का आह्वान किया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए केवीआईसी अध्यक्ष मनोज गोयल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और प्रयासों से आज योग और खादी दोनों ही वैश्विक जनआंदोलन का स्वरूप ग्रहण कर चुके हैं। उन्होंने कहा कि योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं, बल्कि जीवन को संतुलित और सकारात्मक बनाने की भारतीय जीवन-पद्धति है। वहीं खादी आत्मनिर्भरता, स्वदेशी और सतत विकास का प्रतीक है। प्रधानमंत्री जी ने जिस प्रकार योग और खादी दोनों को जन-जन से जोड़ने का कार्य किया है, वह भारत की सांस्कृतिक विरासत के पुनर्जागरण का उत्कृष्ट उदाहरण है।

मनोज गोयल ने कहा कि ‘स्वस्थ आयु के लिए योग’ की अवधारणा वृद्धावस्था सहित जीवन के हर चरण में बेहतर स्वास्थ्य, मानसिक शांति और भावनात्मक संतुलन बनाए रखने का संदेश देती है। योग के नियमित अभ्यास से व्यक्ति अधिक सक्रिय, स्वस्थ और आत्मविश्वासी जीवन जी सकता है।

‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत केवीआईसी अध्यक्ष मनोज गोयल कार्यालय परिसर में पौधारोपण करते हुए।

उन्होंने एक बयान में कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की दूरदर्शी सोच और नीतियों के परिणामस्वरूप खादी एवं ग्रामोद्योग क्षेत्र ने भी अभूतपूर्व प्रगति की है। वित्त वर्ष 2025-26 में खादी और ग्रामोद्योग क्षेत्र का कारोबार 1.87 लाख करोड़ रुपये से अधिक हो गया है, जबकि इस क्षेत्र के माध्यम से 2.04 करोड़ से अधिक लोगों को रोजगार प्राप्त हो रहा है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि आने वाले समय में यह क्षेत्र 2.51 लाख करोड़ रुपये के कारोबार के लक्ष्य को भी प्राप्त करेगा।

योगाभ्यास कार्यक्रम में केवीआईसी राज्य कार्यालय, नई दिल्ली, खादी एवं ग्रामोद्योग भवन, स्थानीय प्रतिनिधि कार्यालय, उत्तर क्षेत्रीय कार्यालय तथा बहुउद्देशीय प्रशिक्षण केंद्र, नई दिल्ली के अधिकारी एवं कर्मचारी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। कार्यक्रम के उपरांत मनोज गोयल ने सभी प्रतिभागियों को जलपान वितरित कर उनका उत्साहवर्धन किया।

यह आयोजन न केवल स्वास्थ्य और कल्याण के प्रति जागरूकता बढ़ाने का माध्यम बना, बल्कि ‘स्वस्थ भारत-सशक्त भारत’ के निर्माण के राष्ट्रीय संकल्प को भी सुदृढ़ करने वाला सिद्ध हुआ।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ