Hot Posts

8/recent/ticker-posts

SPM College Delhi में Girls Kabaddi Tournament 2026 का Grand Finale, Team Yoddha बनी Champion | 58 Teams Participated

By चंदन शर्मा नई दिल्ली : श्यामा प्रसाद मुखर्जी कॉलेज, पंजाबी बाग (दिल्ली विश्वविद्यालय) एवं क्रीड़ा भारती दिल्ली के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित दो दिवसीय बालिका कबड्डी प्रतियोगिता का सफलतापूर्वक समापन हुआ। इस प्रतियोगिता में विभिन्न संस्थानों की कुल 58 टीमों ने भाग लेकर खेल कौशल, अनुशासन और टीम भावना का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। समापन समारोह में विजेता टीमों को प्रमाण पत्र एवं पदक प्रदान कर सम्मानित किया गया।

SPM College Delhi Girls Kabaddi Competition 2026 में विजेता टीम Yoddha को मुख्य अतिथियों द्वारा ट्रॉफी और मेडल देकर सम्मानित करते हुए

क्रीड़ा भारती के मार्गदर्शन में महाविद्यालय के शारीरिक शिक्षा एवं खेल विभाग द्वारा आयोजित इस प्रतियोगिता का उद्घाटन सेवानिवृत्त प्रोफेसर एवं क्रीड़ा भारती दिल्ली प्रांत के उपाध्यक्ष डॉ. जय प्रकाश शर्मा के मुख्य आतिथ्य में हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ महाविद्यालय की प्राचार्या प्रोफेसर डॉ. नीलम गोयल एवं डॉ. जय प्रकाश शर्मा के प्रेरक उद्बोधन और टॉस के साथ किया गया।

प्राचार्या प्रोफेसर डॉ. नीलम गोयल ने अपने संबोधन में कहा कि खेल न केवल शारीरिक सुदृढ़ता का माध्यम हैं, बल्कि यह मानसिक शक्ति, अनुशासन और नेतृत्व क्षमता का भी विकास करते हैं। उन्होंने कहा कि खेलों के माध्यम से ही सशक्त भारत और सशक्त राष्ट्र का निर्माण संभव है। उन्होंने छात्राओं को निरंतर अभ्यास और दृढ़ संकल्प के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा दी।

प्रतियोगिता के समापन अवसर पर मुख्य अतिथि क्रीड़ा भारती दिल्ली प्रांत के प्रचार प्रमुख निर्देश शर्मा का विशेष सानिध्य प्राप्त हुआ। उन्होंने कबड्डी जैसे पारंपरिक खेल के महत्व को रेखांकित करते हुए कहा कि वर्ष 2036 में होने वाले ओलंपिक खेलों में कबड्डी को शामिल कराने के प्रयास किए जा रहे हैं, जिसके लिए इस खेल का व्यापक प्रचार-प्रसार आवश्यक है। उन्होंने खिलाड़ियों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया।

समारोह में क्रीड़ा भारती दिल्ली प्रांत के विशिष्ट अतिथि क्रीड़ा भारती दिल्ली  सह-प्रांत प्रचार प्रमुख अशोक कुमार निर्भय भी उपस्थित रहे। दोनों अतिथियों ने सभी प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र वितरित किए तथा प्रथम, द्वितीय, तृतीय एवं चतुर्थ स्थान प्राप्त करने वाली टीमों को पदक देकर सम्मानित किया। प्रतियोगिता में टीम योद्धा ने प्रथम स्थान, टीम फाइटर्स ने द्वितीय स्थान, टीम थंडर ने तृतीय स्थान तथा टीम स्ट्राइकर्स ने चतुर्थ स्थान प्राप्त किया।

कार्यक्रम के सफल आयोजन में अंतरराष्ट्रीय कबड्डी कोच सत्यवंती, शारीरिक शिक्षा विभाग की सहायक प्रोफेसर डॉ. कुमारी सीमा एवं डॉ. कविता वत्स का महत्वपूर्ण योगदान रहा। इनके मार्गदर्शन में प्रतियोगिता का संचालन सुव्यवस्थित ढंग से किया गया, जिससे खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का उचित अवसर मिला।

कालेज की प्राचार्या प्रोफेसर डॉ. नीलम गोयल का इस अवसर पर विशेष अभिनंदन किया गया। उनके निरंतर समर्थन और प्रेरणा ने प्रतिभागियों का मनोबल बढ़ाया। उन्होंने कहा कि खेल से स्वास्थ्य सुदृढ़ होता है, खेल से चरित्र का निर्माण होता है और चरित्र से राष्ट्र का निर्माण होता है। उन्होंने सभी खिलाड़ियों को बड़े लक्ष्य निर्धारित कर निरंतर प्रयास करने और ओलंपिक जैसे अंतरराष्ट्रीय मंच पर देश का नाम रोशन करने के लिए प्रेरित किया।

इस आयोजन में क्रीड़ा भारती दिल्ली प्रांत के आईटी प्रमुख जतिनजी एवं पूजा मिश्रा जी का भी सराहनीय सहयोग रहा। उनके प्रयासों से कार्यक्रम को सफलतापूर्वक संचालित किया जा सका।

इस अवसर पर अंतरराष्ट्रीय कोच सत्यवती जी की रेफरी टीम अन्य शिक्षकों और अधिकारियों का भी विशेष सहयोग रहा। यह प्रतियोगिता न केवल खेल भावना को बढ़ावा देने में सफल रही, बल्कि छात्राओं को आत्मविश्वास, अनुशासन और प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित करने का भी एक सशक्त मंच प्रदान कर गई।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ