By विनय मिश्रा नई दिल्ली: समाज सेवा की दिशा में एक सराहनीय पहल करते हुए किरण देवी फाउंडेशन, प्रथम एजेंडा राष्ट्रीय दैनिक न्यूज़पेपर, SVD एंटरटेनमेंट और ओमकार टीवी के कार्यालय का भव्य उद्घाटन किया गया। इस अवसर पर 51 गरीब और जरूरतमंद कन्याओं के सामूहिक विवाह के लिए रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया का भी शुभारंभ किया गया।
कार्यक्रम का उद्घाटन राम खिलाड़ी यादव (स्टेट जनरल सेक्रेटरी, ओबीसी मोर्चा, दिल्ली प्रदेश), डॉ. नितिन शाक्य (एसडीएम, पटेल नगर) और पूर्व विधायक राजेश ऋषि (जनकपुरी) के करकमलों द्वारा किया गया। इस मौके पर सामाजिक जिम्मेदारी निभाते हुए झुग्गी-झोपड़ी में रहने वाले बच्चों को कॉपी, किताबें और स्कूल बैग वितरित किए गए। बच्चों को यह सामग्री राम खिलाड़ी यादव, राजेश ऋषि और श्याम के हाथों दी गई। बच्चों के चेहरों पर खुशी देखते ही बन रही थी। कार्यक्रम में उपस्थित मुख्य अतिथियों ने किरण देवी फाउंडेशन द्वारा किए जा रहे सामाजिक कार्यों की जमकर सराहना की। राम खिलाड़ी यादव ने कहा कि गरीब और जरूरतमंद परिवारों की बेटियों का विवाह कराना एक बहुत बड़ा सामाजिक और पुण्य कार्य है। उन्होंने कहा कि किरण देवी फाउंडेशन और उनकी पूरी टीम समाज के लिए एक प्रेरणादायक कार्य कर रही है और ऐसे प्रयासों से समाज में सकारात्मक बदलाव आता है। वहीं पूर्व विधायक राजेश ऋषि ने कहा कि आज के समय में जरूरतमंद परिवारों की मदद के लिए इस तरह के सामाजिक प्रयास बेहद महत्वपूर्ण हैं। उन्होंने फाउंडेशन की टीम को बधाई देते हुए कहा कि 51 कन्याओं का सामूहिक विवाह करवाना एक बहुत ही सराहनीय और मानवीय पहल है।
एसडीएम पटेल नगर डॉ. नितिन शाक्य ने भी इस पहल की प्रशंसा करते हुए कहा कि समाज के कमजोर और जरूरतमंद वर्गों की सहायता के लिए सामाजिक संगठनों का आगे आना अत्यंत प्रशंसनीय है। उन्होंने कहा कि ऐसे कार्यक्रम समाज में सहयोग और संवेदनशीलता की भावना को मजबूत करते हैं। कार्यक्रम में भक्ति गायक नंद किशोर और हरियाणवी सिंगर वीर दहिया ने अपने गीतों से समां बांध दिया। उनके शानदार प्रस्तुति ने कार्यक्रम में मौजूद लोगों को झूमने पर मजबूर कर दिया। फाउंडेशन की टीम ने जानकारी देते हुए बताया कि जून माह में 51 गरीब कन्याओं का निःशुल्क सामूहिक विवाह आयोजित किया जाएगा, जिसके लिए रजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
कार्यक्रम में दिल्ली पुलिस के रणवीर सिंह वर्मा, दीन दयाल अस्पताल से अजीत चौधरी, डॉ. के.बी. शर्मा, राज कुमार (भाजपा), वीरेंद्र बिंदा, सोनिका नगर, रिया गुज्जर सहित कई गणमान्य लोग और सामाजिक कार्यकर्ता मौजूद रहे। इसके अलावा कार्यक्रम के दौरान सिंह हेल्थ केयर की ओर से एक निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर भी लगाया गया, जहां लोगों की मुफ्त जांच और स्वास्थ्य परामर्श दिया गया।
यह पूरा आयोजन समाज सेवा, शिक्षा और जरूरतमंदों की सहायता की भावना को समर्पित रहा। किरण देवी फाउंडेशन और प्रथम एजेंडा राष्ट्रीय दैनिक न्यूज़पेपर द्वारा किया जा रहा यह प्रयास समाज के लिए एक प्रेरणादायक कदम माना जा रहा है, जो जरूरतमंद लोगों के जीवन में नई उम्मीद और खुशियां लाने का कार्य कर रहा है।

0 टिप्पणियाँ