Hot Posts

8/recent/ticker-posts

Delhi University : दिल्ली की बेटियों ने दिखाया जज्बा ! भगीनी निवेदिता कॉलेज में ‘सशक्त’ वार्षिक खेल महोत्सव का धमाका

By विनय मिश्रा नई दिल्लीदिल्ली विश्वविद्यालय के ग्रामीण क्षेत्र कैर (नजफगढ़) स्थित भगीनी निवेदिता कॉलेज में आयोजित वार्षिक क्रीड़ा उत्सव एवं पुरस्कार वितरण समारोह “सशक्त” ने खेल भावना, महिला सशक्तिकरण, भारतीय परंपरा एवं सामूहिक सहभागिता का अद्वितीय संगम प्रस्तुत करते हुए छात्राओं के सर्वांगीण विकास का प्रेरणादायक संदेश दिया।

“भगीनी निवेदिता कॉलेज दिल्ली में वार्षिक खेल उत्सव ‘सशक्त’ में छात्राओं का मल्लखंभ और पारंपरिक खेल प्रदर्शन”

18 फरवरी 2026 को महाविद्यालय के क्रीड़ा मैदान में आयोजित इस समारोह का शुभारंभ मुख्य अतिथि वीरेंद्र सचदेवा जी द्वारा मशाल प्रज्वलन के साथ किया गया। बतौर विशिष्ट अतिथि सुनील श्योरण जी, देवेंद्र डबास जी एवं कुलबीर सिंह गहलोत जी की गरिमामयी उपस्थिति ने कार्यक्रम की शोभा को और बढ़ाया। इस अवसर पर शारीरिक शिक्षा एवं खेल विज्ञान विभाग की वार्षिक पत्रिका का मुख्य अतिथि के करकमलों द्वारा भव्य विमोचन भी किया गया।

मुख्य अतिथि ने अपने प्रेरणादायक संबोधन से छात्राओं का मनोबल बढ़ाया। उन्होंने भारत के पारंपरिक खेलों के प्रभावशाली प्रदर्शन की सराहना करते हुए भारतीय संस्कृति, परंपराओं एवं खेलों के माध्यम से व्यक्त होने वाले संस्कारों पर अपने विचार साझा किए तथा छात्राओं को अपनी जड़ों से जुड़े रहते हुए उत्कृष्टता की ओर अग्रसर होने के लिए प्रेरित किया।

प्राचार्या प्रो. रूबी मिश्रा जी ने छात्राओं की उत्साहपूर्ण सहभागिता की सराहना करते हुए कहा कि खेल जीवन में अनुशासन, आत्मविश्वास एवं नेतृत्व क्षमता का निर्माण करते हैं। उन्होंने छात्राओं को निरंतर खेलों से जुड़े रहकर स्वस्थ जीवनशैली अपनाने तथा राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया।

समारोह के अंतर्गत छात्रा वर्ग की 100, 200, 400 एवं 800 मीटर दौड़, शॉटपुट (4 किग्रा), डिस्कस थ्रो, जैवलिन थ्रो, 4×200 मीटर रिले तथा व्यक्तिगत शतरंज प्रतियोगिताएँ आयोजित की गईं। टीम गेम्स में कबड्डी, रस्साकशी एवं वॉलीबॉल संपन्न हुए। टीचिंग स्टाफ हेतु मिक्स्ड शतरंज, 100 मीटर फ्लैट रेस (पुरुष एवं महिला) तथा शॉटपुट प्रतियोगिताएँ आयोजित की गईं, जबकि नॉन-टीचिंग स्टाफ के लिए 100 मीटर फ्लैट रेस आयोजित की गई। बी.एन.सी. स्टाफ के मिक्स्ड वॉलीबॉल एवं क्रिकेट मैच समारोह के विशेष आकर्षण रहे।

इस आयोजन के दौरान शारीरिक शिक्षा एवं खेल विज्ञान विभाग द्वारा भारत के पारंपरिक खेलों—गिल्ली-डंडा, गिट्टे, पिट्ठू फोड़, कंचे तथा मल्लखंभ—का आकर्षक प्रदर्शन कराया गया, जिसने भारतीय संस्कृति और लोक परंपराओं की जीवंत झलक प्रस्तुत करते हुए छात्राओं एवं उपस्थित जनसमूह को विशेष रूप से प्रेरित किया। ये गतिविधियाँ समारोह के केन्द्रीय आकर्षण के रूप में उभरकर सामने आईं।

कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण मल्लखंभ प्रदर्शन रहा, जिसमें छात्राओं ने संतुलन एवं साहस का अद्भुत प्रदर्शन करते हुए भारतीय पारंपरिक खेलों की गौरवशाली परंपरा को जीवंत किया। योग एवं एरोबिक्स प्रस्तुतियों ने खेल और संस्कृति के सुंदर समन्वय को प्रदर्शित किया।

“सशक्त” 2025–26 की बेस्ट एथलीट के रूप में मिस मन्नू शौकीन को सम्मानित किया गया। विजेताओं को मेडल, प्रमाण-पत्र, नकद राशि एवं ट्रॉफी प्रदान की गई।

आयोजन की सफलता में शारीरिक शिक्षा विभाग की क्रीड़ा परिषद्—मिस टीना (अध्यक्ष), मिस सूफिया (उपाध्यक्ष) एवं मिस तनु (सचिव)—तथा सभी छात्र समन्वयकों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

विभाग प्रभारी प्रो. ममता सहारावत एवं डॉ. प्रतिमा डागर (अतिथि प्राध्यापक) ने सहयोगियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि “सशक्त” केवल एक खेल समारोह नहीं, बल्कि बेटियों के आत्मबल, नेतृत्व क्षमता एवं उज्ज्वल भविष्य का उत्सव है। अंत में उन्होंने प्राचार्या प्रो. रूबी मिश्रा जी को विशेष धन्यवाद देते हुए कहा कि उनके कुशल नेतृत्व एवं मार्गदर्शन में ही इस आयोजन की रूपरेखा तैयार की गई और समारोह सफलतापूर्वक संपन्न हो सका।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ