By विनय मिश्रा नई दिल्ली : दिनांक 12 अक्टूबर 2026, लाल किला मैदान में आयोजित लव कुश रामलीला में सोमवार को प्रभु श्रीराम के जन्मोत्सव का भव्य दृश्य देखने को मिला। प्रभु श्रीराम के जन्म की खुशी में मिठाइयां बांटी गईं और ढोल-नगाड़ों की गूंज के बीच पूरा रामलीला परिसर भक्तिमय उत्साह से सराबोर हो उठा। श्रद्धालुओं ने हर्षोल्लास के साथ इस पावन प्रसंग का आनंद लिया। राम जन्मोत्सव के मंचन ने दर्शकों को रामायण की गौरवशाली परंपरा और प्रभु श्रीराम के आदर्शों से जोड़ने का संदेश दिया।
लव कुश रामलीला कमेटी के अध्यक्ष अर्जुन कुमार ने बताया कि सोमवार की लीला में पुत्रेष्टि यज्ञ से लेकर प्रभु श्रीराम के जन्मोत्सव और नामकरण संस्कार तक के प्रसंगों का भावपूर्ण मंचन किया गया। इसके बाद महर्षि विश्वामित्र के यज्ञ में राक्षसों द्वारा विघ्न डालने, ताड़का वध और सुबाहु वध जैसे रोमांचक दृश्यों ने दर्शकों को आकर्षित किया। धार्मिक आस्था, भव्य मंचन और कलाकारों के जीवंत अभिनय के बीच प्रभु श्रीराम की आरती के साथ दिन की लीला का समापन हुआ।
लव कुश रामलीला के मंच पर केंद्रीय मंत्री जुएल ओराम निभाएंगे निषाद राज का किरदार, जो इस वर्ष के आयोजन का प्रमुख आकर्षण बनने जा रहा है। कमेटी के अध्यक्ष अर्जुन कुमार ने बताया कि केंद्रीय जनजातीय कार्य मंत्री, भारत सरकार, जुएल ओराम ने अपने निवास पर आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान 14 अक्टूबर 2026 को रामलीला के मंच पर निषाद राज की भूमिका निभाने की घोषणा की। केंद्रीय मंत्री का इस ऐतिहासिक मंच से जुड़ना कमेटी के लिए गौरव का विषय है। इससे पहले भी इस मंच पर दिल्ली विधानसभा अध्यक्ष विजेंद्र गुप्ता, पूर्व केंद्रीय मंत्री डॉ. हर्षवर्धन, फग्गन सिंह कुलस्ते, विजय सांपला और अश्विनी चौबे तथा एनडीएमसी के उपाध्यक्ष कुलजीत सिंह चहल सहित कई गणमान्य हस्तियां विभिन्न पात्रों की भूमिका निभा चुकी हैं।
प्रभु श्रीराम के आदर्शों में समरसता, सेवा और समान सम्मान का संदेश निहित है। केंद्रीय मंत्री जुएल ओराम ने कहा कि प्रभु श्रीराम का जीवन वनवासी समाज, आदिवासी समुदाय और संपूर्ण मानवता के प्रति सम्मान, सेवा तथा सामाजिक समरसता की प्रेरणा देता है। उन्होंने कहा कि देशभर में आयोजित होने वाली रामलीलाएं भारत की समृद्ध संस्कृति और परंपराओं की पहचान हैं। निषाद राज जैसे महत्वपूर्ण पात्र को निभाने का अवसर देने के लिए उन्होंने लव कुश रामलीला कमेटी के पदाधिकारियों का आभार जताया। उन्होंने इसे अपने लिए सौभाग्य की बात बताते हुए कहा कि ओडिशा के एक दूरस्थ क्षेत्र से आने के बाद रामलीला के इस महत्वपूर्ण मंच पर अभिनय करना उनके लिए विशेष अनुभव होगा।
इसी क्रम में लव कुश रामलीला कमेटी के महासचिव सुभाष गोयल ने बताया कि कमेटी के प्रतिनिधिमंडल ने भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन से मुलाकात कर उन्हें रामलीला देखने के लिए आमंत्रित किया। इस दौरान नितिन नबीन ने कहा कि देशभर में रामलीलाओं का आयोजन सौहार्द, शांति और उत्साहपूर्ण वातावरण में होगा। मुलाकात के दौरान अर्जुन कुमार, सुभाष गोयल, सत्यभूषण जैन, अखिल सिंघल और बृजमोहन गोयल की मौजूदगी में प्रतिनिधिमंडल ने नितिन नबीन को स्मृति चिह्न भेंट किया और रामनामी पटका पहनाकर उनका स्वागत किया।
फिल्म अभिनेता राजकुमार राव की मौजूदगी भी बढ़ाएगी रामलीला की रौनक। कमेटी के अनुसार, 13 अक्टूबर 2026 को फिल्म अभिनेता राजकुमार राव लव कुश रामलीला का अवलोकन करेंगे और प्रभु श्रीराम की पूजा-अर्चना करेंगे। फिल्म जगत की इस चर्चित हस्ती के आगमन से आयोजन को लेकर दर्शकों में उत्सुकता बढ़ने की उम्मीद है। लाल किला मैदान में सजी रामलीला धार्मिक आस्था के साथ-साथ भारतीय सांस्कृतिक विरासत और जनभागीदारी का भी प्रमुख केंद्र बनी हुई है।
कल की लीला में सीता स्वयंवर से लेकर लक्ष्मण-परशुराम संवाद तक दिखेगा रोमांच। 13 अक्टूबर को होने वाले मंचन में जनक दूत आगमन, अहिल्या उद्धार, अष्ट सखी संवाद, गिरिजा पूजन, सीता स्वयंवर, रावण-बाणासुर संवाद और लक्ष्मण-परशुराम संवाद जैसे महत्वपूर्ण प्रसंग प्रस्तुत किए जाएंगे। इन दृश्यों में भक्ति, वीरता, संवाद और नाटकीय टकराव का अनूठा संगम देखने को मिलेगा। लव कुश रामलीला कमेटी के इस भव्य आयोजन में प्रत्येक प्रसंग के माध्यम से रामायण की सांस्कृतिक विरासत और मर्यादा, धर्म तथा आदर्श जीवन के संदेश को दर्शकों तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है।

0 टिप्पणियाँ