Hot Posts

8/recent/ticker-posts

Khadi Mahotsav 2026: दिल्ली हाट में सजा ‘मिनी इंडिया’, 115 स्टॉलों में दिखी स्वदेशी की दमदार झलक

By विनय मिश्रा नई दिल्ली : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के स्वदेशी और आत्मनिर्भर भारत के विज़न को जन-जन तक पहुंचाने की दिशा में ‘खादी महोत्सव-2026’ के तहत आई.एन.ए. स्थित दिल्ली हाट में भारतीय परंपरा, कारीगरी और ग्रामीण उद्यमिता का भव्य संगम देखने को मिला। खादी और ग्रामोद्योग आयोग (केवीआईसी), सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम मंत्रालय (एमएसएमई), भारत सरकार द्वारा आयोजित विशेष खादी एवं ग्रामोद्योग प्रदर्शनी का उद्घाटन केवीआईसी के अध्यक्ष मनोज गोयल ने किया।

खादी महोत्सव 2026 दिल्ली हाट में KVIC अध्यक्ष मनोज गोयल प्रदर्शनी का उद्घाटन करते हुए

115 स्टॉलों में सजा भारत, खादी से ग्रामोद्योग तक दिखी विविधता

इस विशेष प्रदर्शनी में कुल 115 स्टॉल लगाए गए हैं, जिनमें 48 स्टॉल खादी से जुड़े हैं, जबकि अन्य स्टॉल ग्रामोद्योग और प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम (पीएमईजीपी) से जुड़े उद्यमियों एवं कारीगरों के उत्पादों से सजे हैं। देश के अलग-अलग हिस्सों से आए कारीगरों, खादी संस्थानों और ग्रामीण उद्यमियों ने अपने उत्पादों को यहां प्रदर्शित किया है। अलग-अलग राज्यों की कला, वस्त्र, हस्तशिल्प और स्थानीय उत्पाद एक ही छत के नीचे नजर आने के कारण दिल्ली हाट की यह प्रदर्शनी ‘मिनी इंडिया’ यानी ‘लघु भारत’ का जीवंत रूप पेश कर रही है।

‘सेवा संकल्प’ और स्वदेशी को Gen-Z तक पहुंचाने पर जोर

उद्घाटन अवसर पर केवीआईसी अध्यक्ष मनोज गोयल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के ‘सेवा संकल्प अभियान’ और स्वदेशी आंदोलन के आह्वान को जन-जन और खासकर जेन-जी (Gen-Z) तक पहुंचाना इस प्रदर्शनी का प्रमुख उद्देश्य है। उन्होंने कहा कि आज की युवा पीढ़ी को स्वदेशी उत्पादों से जोड़ना केवल खरीदारी तक सीमित नहीं है, बल्कि इसके माध्यम से भारतीय कारीगरों, ग्रामीण उद्यमियों और पारंपरिक हुनर को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का प्रयास भी है।

खादी सिर्फ कपड़ा नहीं, लाखों लोगों की मेहनत और आत्मनिर्भरता की कहानी

मनोज गोयल ने कहा कि खादी और ग्रामोद्योग महज उत्पादों की बिक्री का माध्यम नहीं हैं, बल्कि इनके पीछे देश के लाखों कारीगरों, बुनकरों और ग्रामीण उद्यमियों की मेहनत, कौशल और आत्मनिर्भरता की पूरी कहानी जुड़ी हुई है। दिल्ली हाट में आयोजित यह प्रदर्शनी इसी मेहनत और भारतीय परंपरा को एक साझा मंच दे रही है, जहां देश के विभिन्न क्षेत्रों के उत्पाद सीधे उपभोक्ताओं तक पहुंच रहे हैं।

दिल्ली हाट में खादी महोत्सव 2026 की विशेष प्रदर्शनी में 115 स्टॉलों पर सजे खादी और ग्रामोद्योग उत्पाद

युवाओं के लिए रोजगार से आगे बढ़कर पूरा इकोसिस्टम तैयार करने का दावा

केवीआईसी अध्यक्ष ने कहा कि मोदी सरकार युवाओं को केवल रोजगार उपलब्ध कराने तक सीमित नहीं है, बल्कि कौशल, उद्यमिता, वित्त और बाजार से जोड़कर रोजगार का पूरा इकोसिस्टम तैयार करने की दिशा में काम कर रही है। उन्होंने कहा कि खादी एवं ग्रामोद्योग क्षेत्र ग्रामीण युवाओं के लिए नए अवसर पैदा करने और उन्हें आत्मनिर्भर उद्यमिता की ओर बढ़ाने का मजबूत माध्यम बन रहा है।

दक्षिण भारत की सिल्क और बुनाई से कलमकारी-इक्कत तक, एक जगह दिखी भारत की कला

प्रदर्शनी की सबसे बड़ी खासियत यह है कि यहां भारत के अलग-अलग भौगोलिक क्षेत्रों की विशिष्ट खादी, वस्त्र और ग्रामोद्योग परंपराएं एक ही स्थान पर देखने और खरीदने को मिल रही हैं। कर्नाटक के रेशमी उत्पाद, तमिलनाडु की पारंपरिक बुनाई एवं सिल्क, आंध्र प्रदेश के कलमकारी उत्पाद और तेलंगाना की इक्कत परंपरा प्रदर्शनी में भारतीय वस्त्र विरासत की विविधता को सामने ला रही है। वहीं केरल की पारंपरिक वस्त्र शिल्प शैली भी आगंतुकों के आकर्षण का केंद्र बनी हुई है।

बंगाल की मसलिन, बिहार का टसर और ओडिशा की इक्कत ने बढ़ाई प्रदर्शनी की रौनक

पूर्वी भारत की समृद्ध हस्तकरघा परंपरा भी इस प्रदर्शनी में खास रंग बिखेर रही है। पश्चिम बंगाल की महीन मसलिन और हथकरघा परंपरा, बिहार के रेशमी एवं टसर उत्पाद तथा ओडिशा की पारंपरिक बुनाई और इक्कत शिल्प यहां भारतीय कारीगरी की बारीकी और विविधता को दर्शा रहे हैं। इन उत्पादों के जरिए आगंतुकों को देश के अलग-अलग हिस्सों की सदियों पुरानी शिल्प परंपराओं से रूबरू होने का अवसर मिल रहा है।

पूर्वोत्तर की खादी के साथ बांस और प्राकृतिक शिल्प बने खास आकर्षण

पूर्वोत्तर भारत की विशिष्ट पहचान भी प्रदर्शनी में साफ नजर आ रही है। खादी के साथ बांस और प्राकृतिक सामग्री से तैयार आकर्षक उत्पाद आगंतुकों का ध्यान खींच रहे हैं। असम के पारंपरिक रेशमी उत्पादों के अलावा पूर्वोत्तर के हस्तशिल्प और बांस शिल्प यहां की स्थानीय संस्कृति, प्राकृतिक संसाधनों और कारीगरों की रचनात्मकता को प्रदर्शित कर रहे हैं।

गुजरात से राजस्थान और हिमाचल से उत्तर प्रदेश तक, उत्तर-पश्चिम भारत की झलक

उत्तर और पश्चिम भारत के राज्यों ने भी प्रदर्शनी में अपनी पारंपरिक पहचान को मजबूती से पेश किया है। गुजरात की पारंपरिक वस्त्र एवं हस्तशिल्प परंपरा, राजस्थान के रंग-बिरंगे हस्तशिल्प और पारंपरिक प्रिंट तथा हिमाचल प्रदेश के ऊनी उत्पाद यहां देश की विविध सांस्कृतिक विरासत का रंगीन रूप प्रस्तुत कर रहे हैं। उत्तर प्रदेश की पारंपरिक बुनाई एवं हस्तशिल्प, हरियाणा के ग्रामीण उत्पाद तथा झारखंड और छत्तीसगढ़ के प्राकृतिक एवं जनजातीय शिल्प भी प्रदर्शनी को और व्यापक बनाते हैं।

कपड़ों से लेकर हर्बल और खाद्य उत्पादों तक, खरीदारी के लिए व्यापक विकल्प

प्रदर्शनी में सिर्फ खादी के कपड़े ही नहीं, बल्कि सिल्क, हस्तशिल्प, प्राकृतिक उत्पाद, खाद्य प्रसंस्कृत सामग्री, हर्बल उत्पाद और विभिन्न ग्रामोद्योग उत्पाद भी उपलब्ध हैं। यानी दिल्ली हाट पहुंचने वाले आगंतुकों को भारतीय कारीगरों और ग्रामीण उद्यमियों द्वारा तैयार उत्पादों की विविध रेंज एक ही स्थान पर देखने और खरीदने का अवसर मिल रहा है।

15 अक्टूबर तक चलेगी प्रदर्शनी, सुबह 10 बजे से रात 10 बजे तक खरीदारी का मौका

खादी एवं ग्रामोद्योग उत्पादों को आम लोगों तक पहुंचाने वाली यह विशेष प्रदर्शनी 15 अक्टूबर 2026 तक चलेगी। आगंतुक यहां सुबह 10 बजे से रात 10 बजे तक खादी, ग्रामोद्योग और पीएमईजीपी से जुड़े उद्यमियों के उत्पाद देख और खरीद सकते हैं। केवीआईसी अध्यक्ष ने दिल्लीवासियों और राजधानी में आने वाले पर्यटकों से प्रदर्शनी में पहुंचकर भारतीय कारीगरों और ग्रामीण उद्यमियों के उत्पादों को देखने तथा अपनी खरीदारी में स्वदेशी उत्पादों को प्राथमिकता देने की अपील की।

खादी और ग्रामोद्योग ने बनाया नया आर्थिक रिकॉर्ड, 1.87 लाख करोड़ रुपये से ज्यादा कारोबार

मीडिया से संवाद के दौरान केवीआईसी अध्यक्ष मनोज गोयल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी की दूरदर्शी सोच और नीतियों के परिणामस्वरूप खादी एवं ग्रामोद्योग क्षेत्र ने उल्लेखनीय प्रगति की है। उनके अनुसार वित्त वर्ष 2025-26 में खादी और ग्रामोद्योग क्षेत्र का कारोबार 1.87 लाख करोड़ रुपये से अधिक रहा, जबकि इस क्षेत्र के माध्यम से 2.04 करोड़ से अधिक लोगों को रोजगार प्राप्त हो रहा है।

2.51 लाख करोड़ के कारोबार के लक्ष्य की ओर खादी क्षेत्र की नजर

मनोज गोयल ने विश्वास व्यक्त किया कि आने वाले समय में खादी एवं ग्रामोद्योग क्षेत्र 2.51 लाख करोड़ रुपये के कारोबार के लक्ष्य को भी हासिल करेगा। उनके मुताबिक बढ़ता कारोबार, रोजगार के अवसर और बाजार से जुड़ाव यह संकेत देते हैं कि खादी एवं ग्रामोद्योग अब केवल परंपरा का हिस्सा नहीं, बल्कि ग्रामीण अर्थव्यवस्था, रोजगार और आत्मनिर्भर भारत की दिशा में महत्वपूर्ण आर्थिक ताकत बनकर उभर रहा है।

अधिकारियों, खादी संस्थाओं और कारीगरों की मौजूदगी में हुआ उद्घाटन

उद्घाटन कार्यक्रम में केवीआईसी की सीईओ, एमएसएमई मंत्रालय के संयुक्त सचिव (एआरआई), केवीआईसी के वित्तीय सलाहकार सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे। इसके अलावा खादी संस्थाओं के प्रतिनिधि और बड़ी संख्या में कारीगर भी कार्यक्रम का हिस्सा बने। दिल्ली हाट में आयोजित यह आयोजन भारतीय परंपरा, स्वदेशी उत्पाद, कारीगरों की मेहनत और आधुनिक बाजार के बीच मजबूत कड़ी के रूप में सामने आया है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ